
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास : दीवाली से पहले अगर आप मिठाई खरीदने की सोच रहे हैं तो ये खबर आपके लिए बहुत जरूरी है। देवास में कलेक्टर के आदेश पर खाद्य विभाग और प्रशासन ने मिलावटखोरों पर बड़ा प्रहार किया है। दो मिठाई दुकानों पर कार्रवाई करते हुए 705 किलो मावा और मिठाई जब्त की गई है।
इनमें वह प्रतिष्ठान भी शामिल है, जहां रक्षाबंधन पर भी एनालाग मावा और मिठाई जब्त कर नष्ट की गई थी। प्रशासन ने संबंधित कारखाने को सील कर दिया है। शहर में अन्य दुकानों पर भी सैंपलिंग की गई है। दीवाली को देखते हुए शहर के सभी खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच और सैंपलिंग कराई जा रही है।
इसी अभियान में टीम ने दो दुकानों पर कार्रवाई की। पहली कार्रवाई नयापुरा स्थित न्यू स्वदेशी स्वीट्स पर हुई, जहां से 550 किलो मावा जब्त कर कारखाना सील किया गया। बता दें कि इसी दुकान पर रक्षाबंधन के समय भी प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा कार्रवाई की गई थी। इस दौरान दुकान से लगभग 1 हजार किलो मावा व मिठाई जब्त कर ट्रेंचिंग ग्राउंड पर नष्ट की गई थी।
दूसरी कार्रवाई राजस्थानी स्वीट्स पर हुई, जहां से 155 किलो मावा, मिठाई और बर्फी को फ्रिज में ही सील किया गया। तहसीलदार हरिओम ठाकुर ने बताया कि दोनों स्थानों पर मावे की मौके पर ही इंस्टेंट सैंपलिंग कराई गई, जिसमें डिटर्जेंट और यूरिया की मात्रा वाला सैंपल फेल पाया गया। जांच में सामने आया कि यह मावा खाने योग्य नहीं था व गुणवत्ता पूर्ण मावा नहीं था। उन्होंने कहा कि दिवाली तक शहर की अन्य दुकानों पर भी लगातार जांच और सैंपलिंग का अभियान चलता रहेगा। मिलावट करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर नेहा मीना द्वारा त्योहारों के मद्देनजर देवास जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं स्वास्थ्यकर परिस्थितियों को सुनिश्चित करने के लिए जांच दलों का गठन किया गया है। जांच के दौरान खाद्य उत्पादन एवं निर्माण केंद्रों में स्वच्छता तथा स्वास्थ्यकर परिस्थितियों का निरीक्षण किया जाएगा। अपर कलेक्टर संजीव कुमार जैन को नोडल अधिकारी तथा जिला आपूर्ति अधिकारी दिनेश अहिरवार को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है। अनुभाग स्तर पर नोडल अधिकारी संबंधित एसडीएम रहेंगे।
यह भी पढ़ें- मुरैना में मिलावट का खेल, 1740 किलो मिलावटी मिठाई और 120 किलो मावा जब्त, भेजा रहा था छत्तीसगढ़