_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। दीपावली में मिलावट के माफिया ऐसे सक्रिय हुए हैं, कि ग्वालियर-चंबल ही नहीं, बल्कि दूसरे राज्यों में भी मिलावटी मिठाइयां व दुग्ध उत्पाद भेजने लगे हैं। शनिवार को जिला प्रशासन की टीम द्वारा की गई कार्रवाई में इसकी पुष्टि हुई।
मुरैना से भारी मात्रा में छत्तीसगढ़ के बिलासपुर भेजा जा रहा मिलावटी मिल्क केक और मावा पकड़ा है। मौके पर कराई जांच में मिलावट की पुष्टि हुई। मावा और मिल्क केक को जब्ती में लेकर उसके सैंपलों को जांच के लिए भोपाल लैब भेजा गया है।
विशेष टीम का किया गठन
दरअसल, तीन दिन पहले मुरैना से भोपाल भेजा गया मिलावटी मावा रेलवे स्टेशन पर पकड़ा गया। इस घटना ने मुरैना में मिलावट के काले धंधे को फिर उजाकर किया। भोपाल से कार्रवाई के निर्देश आए, कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने कार्रवाई के लिए विशेष टीम का गठन भी किया।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर-चंबल में बदला मौसम का मिजाज, रातभर हुई बारिश के बाद सुबह से छाए रहे घने बादल
इसी टीम के डिप्टी कलेक्टर उमेश अवस्थी को शनिवार की दोपहर सूचना मिली, कि मुरैना शहर के अंबाह बायपास-इमलिया रोड से मिलावटी मावा और मिल्क केक, ट्रक में भरकर दूसरे शहरों में भेजा जा रहा है। सूचना के बाद डिप्टी कलेक्टर ने खाद्य सुरक्षा विभाग व पुलिस टीम को साथ लेकर अंबाह बायपास स्थित श्रीहरि घनश्याम मैरिज गार्डन पर छपामार कार्रवाई की।
यहां एक मिनी लोडिंग से मावा व मिल्क केक की डलियाएं पाइपों से भरे आइसर कैंटर में भरी जा रही थीं। प्रशासन की टीम ने 58 पेटी मिल्क केक और चार डलिया मावा की जब्त कीं। पूछताछ में पता चला, कि यह मिलावटी माल अभिजीत डंडौतिया व शिवदयाल शर्मा नाम के सगे भाइयों का है, जो श्री सांवरिया नाम से फर्म चलाते है।
अभिजीत डंडौतिया मौके पर ही मिला। उसने बताया कि मैरिज गार्डन से आधा किलोमीटर दूर उनका प्लांट हैं, जहां मिल्क केक व मावा तैयार होता है, मैरिज गार्डन से लादकर उसे भेजा जाता है। बताया गया है, कि 58 पेटियों में 1740 किलो मिल्क केक था और चार डलियों में 120 किलो मावा है, जिसे जब्ती में लेकर कोल्ड स्टोर में रखवाया गया है।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर के कई इलाकों में आज 6.5 घंटे रहेगा पावर कट, कांच मिल और मोतीझील सहित कई कॉलोनियां