
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास : औद्योगिक शहर देवास से होकर देश के उत्तर-पूर्वी हिस्से के लिए एक भी नियमित ट्रेन का संचालन नहीं होने से यात्रियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। तीज-त्योहारों से लेकर गर्मी की छुट्टियों तक बिहार और उत्तर-पूर्वी क्षेत्रों की यात्रा करने वाले यात्रियों को सीमित ट्रेनों के भरोसे रहना पड़ता है।
दीपावली के बाद छठ पर्व की शुरुआत 13 नवंबर से होने जा रही है। ऐसे में काफी संख्या में लोगों को अपने गांव, शहर जाने की तैयारी के बीच ट्रेनों में आरक्षण मिलना मुश्किल हो रहा है। कई ट्रेनों में स्लीपर श्रेणी में वेटिंग 125 तक पहुंच गई है। अन्य श्रेणियों में भी सीटों की उपलब्धता नहीं है। इसके साथ ही कई दिनों में वेटिंग टिकट भी नहीं मिल रहा है।
पूर्वोत्तर भारतीय समाज समिति देवास के अध्यक्ष एडवोकेट प्रकाश सिंह के अनुसार औद्योगिक शहर होने के कारण देवास में पूर्वी उत्तर प्रदेश व बिहार के हजारों लोग निजी कंपनियों में काम करते हैं। इसके साथ बैंक नोट प्रेस व विभिन्न सरकारी विभागों में भी कर्मचारी व अधिकारी हैं।
वैसे तो देवास में छठ पर्व का पूजन मीठा तालाब, शिप्रा में हर साल बड़े स्तर पर किया जाता है लेकिन काफी संख्या में लोग अपने पैतृक घर भी जाते हैं। रेलवे के उत्तर-पूर्व रूट पर सालभर ही यात्रियों का दबाव रहता है, लंबी वेटिंग से परेशानी आती है। इंदौर-पटना एक्सप्रेस के फेरे बढ़ाने, इंदौर-हावड़ा शिप्रा एक्सप्रेस को नियमित करने के लिए कई बार जनप्रतिनिधियों, रेलवे अधिकारियों से मुलाकात करके मांग की जा चुकी है।
उतर-पूर्व सहित कई अन्य ट्रेनों के फेरे बढ़ाने, नई ट्रेनों की शुरुआत करने को लेकर नगर जनहित सुरक्षा समिति द्वारा कई बार मांग उठाई जा चुकी है। समिति के अध्यक्ष अनिल सिंह बैस, विनोद सिंह गौड़ आदि ने बताया सांसद, पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक, डीआरएम, स्टेशन प्रबंधक आदि को इस संबंध में ज्ञापन दिए जा चुके हैं लेकिन अभी तक कोई सुविधा देवास को नहीं मिली है।
मधुबन कालोनी निवासी संजय सिंह ने बताया गर्मी की छुट्टियों, त्यौहारों के अवसर पर रेलवे द्वारा इंदौर-पटना के बीच स्पेशल ट्रेन संचालित की जाती है लेकिन इसका रूट पूर्व से संचालित इंदौर-पटना एक्सप्रेस वाला नहीं रखते हुए बदल दिया जाता है। स्पेशल ट्रेन देवास भी नहीं आती, मजबूर यात्रियों को इंदौर, उज्जैन जाना पड़ता है।
यह भी पढ़ें- एमपी के रेल यात्रियों की खत्म होगी परेशानी, भोपाल समेत कई जिलों से होकर चलेंगी उधना-जयनगर अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें