
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास : दीपावली पर्व को दृष्टिगत रखते हुए जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम, घरेलू गैस सिलिंडरों के दुरुपयोग पर अंकुश लगाने तथा पैकेजिंग कमोडिटी नियमों का पालन सुनिश्चित करवाने के लिए विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है।
बार-बार प्रतिबंधित एनालॉग मावा उपयोग करने पर न्यू स्वदेशी स्वीट्स एंड नमकीन के संचालक अंकुर जैन के विरुद्ध नाहर दरवाजा थाने में विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। कलेक्टर नेहा मीना द्वारा अनुभाग स्तर पर गठित जांच दलों ने पांच दिन में 38 प्रतिष्ठानों से कुल 78 सैंपल लिए। इसमें 4 लाख 86 हजार 500 रुपये मूल्य का 10.80 क्विंटल एनालॉग मावा एवं उससे निर्मित मिठाइयों तथा 30 लीटर दूध जब्त किया है।
5 नवंबर को उक्त प्रतिष्ठान से 770 किलोग्राम एनालॉग मावा एवं उससे निर्मित मिठाइयां जब्त कर नष्ट किया गया था। इससे पूर्व 26 अगस्त को भी अंकुर जैन के प्रतिष्ठान से लगभग 300 किलोग्राम एनालाग मावा व मिठाइयां जब्त कर नष्ट करवाई गई थीं।
बार-बार प्रतिबंधित एनालॉग मावे से मिठाइयां बनाकर विक्रय करने पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेंद्र ठाकुर द्वारा अंकुर जैन के विरुद्ध थाना नाहर दरवाजा देवास में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 51, 52, 55 तथा बीएनएस की धारा 274 व 275 के तहत एफआइआर दर्ज करवाई गई है।
इसी कड़ी में खाद्य आपूर्ति विभाग एवं खाद्य सुरक्षा विभाग के संयुक्त जांच दलों द्वारा देवास नगर, टोंकखुर्द, सतवास एवं हाटपीपल्या में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर कार्रवाई की। जांच दलों ने देवास नगर के 6, सतवास और हाटपीपल्या के 4-4 और टोंकखुर्द के 1 समेत कुल 15 प्रतिष्ठानों की जांच की। कार्रवाई के दौरान 3 प्रतिष्ठानों से कुल 25 किलो एनालाग मावा तथा एक प्रतिष्ठान से 5 किलो मावा बर्फी जब्त की गई।
शिव शक्ति मिल्क कार्नर, गुरु कृपा मावा भंडार एवं शिव शक्ति मावा भंडार में एनालाग मावा पाए जाने पर शिवशक्ति मिल्क कार्नर व गुरु कृपा मावा भंडार से 10-10 किलो एवं शिव शक्ति मावा भंडार से 5 किलो मावा जब्त किया।
गीताश्री स्वीट्स में एनालाग मावा से निर्मित बर्फी पाए जाने पर 5 किलो मावा बर्फी जब्त की गई। टोंकखुर्द स्थित राजस्थानी स्वीट्स एंड नमकीन प्रतिष्ठान में घरेलू गैस सिलिंडरों का व्यावसायिक उपयोग किए जाने पर 2 घरेलू गैस सिलिंडर जब्त किए गए। इसी प्रकार सतवास में 4 प्रतिष्ठानों से कुल 15 नमूने तथा हाटपीपल्या में 4 प्रतिष्ठानों से कुल 9 नमूने लिए गए।
यह भी पढ़ें- मुरैना में मिलावट का खेल, 1740 किलो मिलावटी मिठाई और 120 किलो मावा जब्त, भेजा रहा था छत्तीसगढ़