
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। शहर के बालगढ़ क्षेत्र में अपने दोस्तों के साथ जन्मदिन की पार्टी कर रहे युवक पर पड़ोसी पिता-पुत्र ने प्राणघातक हमला कर दिया। जन्मदिन की पार्टी में होम थिएटर बज रहा था, जिसको लेकर पिता-पुत्र ने विवाद किया और चाकू से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को इंदौर रैफर किया गया है। वहीं औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार गुरुवार रात करीब 11:30 बजे गौतम चौधरी अपने दोस्तों विजय दायमा एवं कृष के साथ अमृत पार्क कॉलोनी बालगढ़ स्थित विजय के किराए के मकान में जन्मदिन की पार्टी मना रहा था। इस दौरान होम थिएटर पर तेज आवाज में गाने बजाने की बात को लेकर पड़ोस में रहने वाले आरोपित अनवर खान, उसके बेटे आमिर खान एवं उनके दो अन्य साथियों ने विवाद शुरू कर दिया।
आरोपितों ने घर में घुसकर विजय एवं उसके दोस्तों से मारपीट की। इसी दौरान अनवर ने नुकीले हथियार से विजय के सीने एवं हाथ पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।
यह भी पढ़ें- झाबुआ में प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या, कोर्ट ने पत्नी सहित 5 को सुनाई उम्रकैद की सजा
मामले में औद्योगिक क्षेत्र पुलिस घायल का बयान लेने सीधे एमवाय अस्पताल इंदौर पहुंची और आरोपितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित अनवर एवं उसके बेटे आमिर खान को गिरफ्तार कर लिया। हमले के अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।