
नईदुनिया प्रतिनिधि, झाबुआ। प्रेम संबंध के चलते पति की हत्या कराने के सनसनीखेज मामले में प्रथम अपर सत्र न्यायालय ने बड़ा फैसला सुनाया है। माननीय न्यायाधीश प्रकाश केरकेट्टा ने पत्नी आरती उर्फ गौरी सहित पांच आरोपितों को दोषी पाते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही प्रत्येक पर 7-7 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। अर्थदंड नहीं भरने पर छह माह का अतिरिक्त सश्रम कारावास भुगतना होगा।
अभियोजन के अनुसार 4 जून 2022 को लक्की पांचाल पुत्र जितेंद्र पांचाल निवासी मेघनगर नाका झाबुआ अपनी पत्नी आरती को लेने ग्राम कटला जिला दाहोद (गुजरात) जाने के लिए निकला था, लेकिन वह वहां नहीं पहुंचा। परिजनों ने थाना कोतवाली झाबुआ में गुमशुदगी दर्ज कराई।
अगले दिन 5 जून 2022 को लक्की का शव रंभापुर चौकी क्षेत्र के पिपलोदा के जंगल में मिला। उसके गले और मुंह को काले कपड़े से कसकर बांधा गया था। पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि होने पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की।

विवेचना में खुलासा हुआ कि आरती के रोहित राजपूत के साथ प्रेम संबंध थे। पति लक्की से खुश नहीं होने के कारण उसने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची। आरती और रोहित ने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर षड्यंत्रपूर्वक लक्की की हत्या करवाई। पुलिस ने टेक्निकल साक्ष्य, वाहन और अन्य महत्वपूर्ण सबूतों को संकलित कर प्रकरण को कोर्ट में प्रमाणित किया।
यह भी पढ़ें- आलीराजपुर में बड़ी वारदात, पत्नी ने पति को मारकर जलाई लाश, बचे हिस्सों को घर के पीछे रेत में गाड़ा
मामले में प्रेमी रोहित पुत्र भारतसिंह चंदेल राजपूत, आरती उर्फ गौरी पति लक्की पंचाल, बस्सु उर्फ बच्चू पुत्र कट्टू भूरिया, पप्पु पुत्र कालुभाई सिंगाडा एवं मांगू उर्फ मंगू पुत्र फतेसिंह उर्फ फरिंग डामोर को धारा 302 सहपठित धारा 34, 120(ख) एवं 201 भादवि के तहत दोषी पाया गया।शासन की ओर से विशेष लोक अभियोजक मनीषा मुवेल, आरपी अलावा एवं सूरज वैरागी ने प्रभावी पैरवी की। प्रकरण की विवेचना निरीक्षक तुरसिंग डावर द्वारा की गई।
यह भी पढ़ें- भोपाल में चांटा मारने पर पति की हत्या, रॉड से मार कुएं में धकेला; भाई-भांजे की मदद से जंगल में फेंका शव