
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास : चंदाना शराब कांड मामले में नया मोड़ आया है। गिरफ्तार किए आरोपित ने पूछताछ में खुलासा किया है कि उसने केमिकल की मदद से घर पर शराब बनाई थी। इसके लिए एआई की मदद ली थी।
एआई को कमांड दी थी कि घर में शराब कैसे बनाएं। इसके बाद कुछ केमिकल का नाम सामने आया, जिसे इंदौर के दवा बाजार स्थित राइजिंग ब्रदर्स का आफिस से बुलवाया। इसी से मिलावटी शराब तैयार की और चंदाना-बिंजाना क्षेत्र में सप्लाय की। आशंका है कि इसी शराब के सेवन के बाद मौतें हुई हैं। आरोपितों को तीन दिन के रिमांड पर लिया है।
देवास के कोतवाली थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया ने बताया कि अवैध शराब बेचने के मामले में सोमवार को दस आरोपितों को गिरफ्तार किया था। इनमें अजय राठौर उर्फ अज्जू निवासी पुवार्डादाइ, इंदौर मुख्य सरगना निकला। उसने पूछताछ में बताया कि 27 से 30 सितंबर के बीच उसने एआइ पर सर्च किया था कि घर पर शराब कैसे बनाएं।
जानकारी मिलने पर अपने साथियों के साथ इंदौर के महावीर मार्केट, लोहा मंडी स्थित राइजिंग ब्रदर्स गोडाउन से केमिकल मंगवाया था जो इसी फर्म के दवा बाजार स्थित ऑफिस से बुक हुआ। 2 अक्टूबर को पुवार्डादाई गांव स्थित अपने मकान तथा साथी गोविंद के लोहारपिपल्या स्थित मकान में केमिकल में पानी मिलाकर शराब बनाई।
इसे इस तरह बनाया गया कि यह लाइसेंसी शराब जैसी दिखे। शिप्रा एवं भड़ा पिपल्या स्थित वाइन शाप से लाइसेंसी शराब की पेटियां लेकर उनमें केमिकल से बनी शराब की कुछ बोतलें रखी। 6-7 अक्टूबर से 11-12 अक्टूबर के बीच चंदाना-बिंजाना के बीच ये बोतलें बेचीं।
इस मामले में पुलिस ने इंदौर के लोहा मंडी स्थित गोडाउन एवं दवा बाजार स्थित आफिस को सील करने की कार्रवाई की। चंदाना वाइन शाप से जुड़े जितेंद्र मालवीय और राहुल गिरी गोस्वामी को भी आरोपित बनाया। इनको तीन दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस यह पता लगा रही है कि केमिकल कौनसा था और शराब कहां-कहां सप्लाय की गई थी। टीआई चौरसिया के अनुसार अभी विवेचना जारी है। विसरा रिपोर्ट आने के बाद मौत का वास्तविक कारण पता चलेगा।
गांव में प्रति क्वार्टर 10 से 20 रुपये और दूसरे स्थानों से शराब लाकर बेचने पर 40 रुपये तक मुनाफे की बात सामने आई है। सोमवार को पुलिस ने देवास, सोनकच्छ, भौंरासा और उदयनगर में कार्रवाई की। सतवास और कमलापुर में चार-चार प्रकरण दर्ज हुए। वहीं, 26 अक्टूबर को आबकारी विभाग ने 23 प्रकरण दर्ज कर 237 पाव देशी शराब, 97 लीटर कच्ची शराब, 31 बीयर कैन और 755 किलो महुआ लहान जब्त किया।
यह भी पढ़ें- सागर जहरीली शराबकांड में बड़ी कार्रवाई, 82 पुलिसकर्मी लाइन अटैच, एसपी ने की कार्रवाई