
नईदुनिया प्रतिनिधि, सागर। बंडा में करीब 15 दिन पहले हुए जहरीली शराबकांड के बाद पुलिस विभाग ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। एसपी अनुराग सुजानिया ने बंडा थाना समेत उससे संबद्ध चौकियों में पदस्थ 82 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को लाइन अटैच कर दिया है। इनमें एसआई से लेकर हेड कांस्टेबल, आरक्षक और अन्य पुलिसकर्मी शामिल हैं।
कार्रवाई के तहत बंडा थाना, गूगरा चौकी और बरा चौकी में पदस्थ 39 पुलिसकर्मियों को रक्षित केंद्र भेजा गया है। वहीं, पुलिस लाइन में पदस्थ अन्य पुलिसकर्मियों को इन थानों और चौकियों में भेजकर नई व्यवस्था बनाई गई है।
इस फेरबदल के बाद बंडा थाना और संबंधित चौकियों का लगभग पूरा स्टाफ बदल गया है। बंडा थाना प्रभारी राजेंद्र कुशवाहा और गूगरा चौकी प्रभारी पूरनलाल लड़िया को पहले ही हटाया जा चुका है। वहीं, एसडीओपी प्रदीप वाल्मीकि को पुलिस मुख्यालय स्तर से हटाया गया था।
बताया जा रहा है कि बंडा क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार चल रहा था और इसकी जानकारी पुलिस को भी थी। इसके बावजूद अवैध शराब की बिक्री और परिवहन पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं होने को पुलिस विभाग ने गंभीरता से लिया है।
जहरीली शराबकांड के बाद विभागीय स्तर पर हुई समीक्षा में क्षेत्र की पुलिसिंग और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठे। इसी के चलते एसपी अनुराग सुजानिया ने बंडा थाना और उससे जुड़ी चौकियों के स्टाफ में व्यापक फेरबदल करते हुए 82 पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच किया है। विभागीय कार्रवाई के साथ ही थाना और चौकियों में नया स्टाफ तैनात कर व्यवस्था को दुरुस्त करने का प्रयास किया गया है।