जामताड़ा से जुड़ा साइबर ठगी का नेटवर्क बेनकाब, देवास पुलिस ने एक आरोपी को पकड़कर जब्त किए 5 लाख रुपये
पेंशन कार्ड अपडेट करने और टैक्स में छूट दिलाने का झांसा देकर एलआईसी के सेवानिवृत्त अधिकारी से 6.03 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में देवास पुलिस ने ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 13 Oct 2026 02:52:42 PM (IST)Updated Date: Tue, 13 Oct 2026 02:52:42 PM (IST)
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। -नईदुनियाHighLights
- पेंशन कार्ड अपडेट और टैक्स छूट का देते थे झांसा
- एलआईसी के रिटायर्ड अधिकारी से ठगे थे 6.03 लाख रुपये
- केरल के खाते में पहुंची रकम, बंगाल में हुई निकासी
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास : पेंशन कार्ड अपडेट करने और टैक्स में छूट दिलाने का झांसा देकर एलआईसी के सेवानिवृत्त अधिकारी से 6.03 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में देवास पुलिस ने जामताड़ा से एक आरोपित को गिरफ्तार किया है।
आरोपित के पास से पांच लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस की जांच में ठगी की रकम केरल के बैंक खाते में ट्रांसफर होने और फिर पश्चिम बंगाल में निकाले जाने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार गिरोह का नेटवर्क जामताड़ा से संचालित हो रहा था। अब पुलिस ठगी की रकम के लेनदेन और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
प्रेस वार्ता में पुलिस कप्तान पुनीत गेहलोद ने बताया कि कोतवाली थाना क्षेत्र के 62 वर्षीय मनोहर लाल सिलोदिया, जो एलआईसी से सेवानिवृत्त हैं, को ठगों ने बैंक अधिकारी बनकर निशाना बनाया था। पेंशन कार्ड अपडेट करने और टैक्स में भारी छूट दिलाने का झांसा देकर उनके खाते से 6 लाख 3 हजार रुपये निकाल लिए गए थे। शिकायत पर ई जीरो एफआइआर हुई और कोतवाली पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
तकनीकी साक्ष्यों और बैंक खातों में रकम के लेनदेन की पड़ताल के बाद पुलिस टीम आरोपित तक पहुंची। जामताड़ा से गिरफ्तार आरोपित की पहचान 21 वर्षीय सचिन कुमार पासवान निवासी खुदनापसपुर, थाना रौतारा, जिला कटिहार, बिहार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर पांच लाख रुपये नकद जब्त किए हैं। ठगी की रकम अलग-अलग राज्यों के बैंक खातों से होकर गुजरी, जिससे मामले में अंतरराज्यीय नेटवर्क की भूमिका सामने आई है।
130 ई-जीरो एफआईआर, 26 आरोपी गिरफ्तार
एसपी पुनीत गेहलोत के अनुसार जिले में ऑपरेशन साइबर और ई-जीरो एफआईआर के तहत साइबर ठगी के मामलों में कार्रवाई की जा रही है। अब तक 130 ई-जीरो एफआईआर में 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, 98.52 लाख रुपये से अधिक की राशि जब्त की गई है। इसके अलावा जिले के आवेदकों की ठगी गई 3.89 करोड़ रुपये से अधिक की राशि वापस कराई गई है, जबकि 5.27 करोड़ रुपये से अधिक की संदिग्ध राशि विभिन्न बैंक खातों में होल्ड कराई गई है।
कार्रवाई में कोतवाली टीआई शशिकांत चौरसिया, एसआई सचिन सोनगरा, एसआई डीके त्यागी सहित पुलिसकर्मियों और साइबर सेल की टीम की भूमिका रही।