
Dewas Crime News: नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। देवास शहर के आसपास से निकले राजमार्गों पर खड़े व चलते वाहनों से कटिंग करने चोरी करने वालों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। एक और वारदात देवास-भोपाल रोड पर जामगोद-खटांबा के बीच हुई। चलते मिनी ट्रक एचआर 69 बी 2964 की तिरपाल काटकर चोरों ने 11 डिब्बे सोयाबीन तेल पर हाथ साफ कर दिया। चोरी हुए तेल की कीमत करीब 17600 रुपए है।
मामले में बीएनपी पुलिस ने रविवार को अज्ञात आरोपित के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर जांच शुरू की है। मिनी ट्रक के चालक सुनील प्रजापति निवासी अक्षतनगर देवास ने बताया वारदात शनिवार रात की है। वाहन चलाते समय उसे एक एंबुलेंस के चालक ने पीछे की ओर इशारा किया।

इसके बाद सुनील ने वाहन रोका तो दो युवक बाइक से भागते नजर आए। मिनी ट्रक की तिरपाल दो जगह से कटी हुई थी और अंदर से तेल के 11 डिब्बे कम थे। आशंका है कि तिरपाल काटकर डिब्बे नीचे गिराने में दो युवक व आसपास उनके कुछ साथी रहे होंगे।
घटना के बाद वारदात की सूचना देवास पुलिस को दी गई, इसके बाद डायल-100 ने मौके पर पहुंचकर पूछताछ की थी। पुलिस ने जांच शुरू करते हुए आसपास की दुकानों, होटलों के सीसीटीवी फुटेज देखे हैं।