
Burhanpur Crime News: नईदुनिया प्रतिनिधि, बुरहानपुर। तीन राज्यों में वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपित सागर धनगर निवासी जलगांव महाराष्ट्र सहित गिरोह के पांच सदस्यों को लालबाग थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सागर ने मप्र के बुरहानपुर सहित महाराष्ट्र व गुजरात में वाहन चोरी के साथ ही लूट व डकैती की 20 से ज्यादा वारदातों को अंजाम दिया है। तीनों राज्यों की पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। गिरोह के सदस्यों से पुलिस ने एक बुलेट सहित सात बाइक बरामद की हैं।
पुलिस ने सागर धनगर के अलावा उसके साथी महेश इंगले निवासी पातोंडा थाना लालबाग, अमोल जयतकर निवासी हतनूर थाना शिकारपुरा, गणेश सांगलकर निवासी ग्वाहाना थाना लालबाग और मोहम्मद अतीक निवासी शनवारा को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने बताया कि मुख्य आरोपित सागर पर लालबाग थाने में चोरी के दो प्रकरणों के साथ ही किशोरी को भगाने व दुष्कर्म करने का एक मामला दर्ज है। महाराष्ट्र के भुसावल व जामनेर में चोरी के तीन प्रकरण और गुजरात के बोरतलाव थाने में डकैती का प्रकरण दर्ज है।
.jpg)
लालबाग थाना पुलिस ने सागर धनगर को क्षेत्र की एक किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने ओर उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले में रविवार को पकड़ा था। इसकी शिकायत किशोरी की दादी ने तीन जून 2023 को थाने में दर्ज कराई थी। गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने उससे बाइक के संबंध में पूछताछ की तो उसने सारी चोरियों का राज उगल दिया।
किशोरी को भगा ले जाने में उसने चोरी की बाइक क्रमांक एमएच 19 डीके 2932 का उपयोग किया था। यह बाइक उसने एक साल पहले पाचोरा से चोरी की थी। इसी तरह इंदिरा कालोनी से एक बाइक, जिला अस्प्ताल से एक बाइक, छह माह पहले स्नेह नगर भुसावल से एक बाइक, जलगांव से दो बाइक व जामनरे से एक बाइक चोरी की थी। इसके अलावा भुसावल से एक बुलेट भी चोरी की थी। इन वाहनों को गव्हाना, हतनूर, पातोंडा, शनवारा और गणपति नाका क्षेत्र में अपने साथियों के पास रखा था।
पुलिस ने आरोपितों के पास से बुलेट एमएच 19 सीबी 1911, बाइक क्रमांक एमएच 19 डीके 2932, बाइक एमएच 19 बीसी 4899, एमएच 19 सीटी 0687, एमएच 19 एएस 8845, बाइक एमपी 68 एमए 1342 और एक बिना नंबर की बाइक बरामद की है। वाहन चोर गिरोह की गिरफ्तारी में लालबाग थाना प्रभारी अमित सिंह जादौन, उप निरीक्षक हंस कुमार झिंझोरे, रचना तोमर, प्रधान आरक्षक विक्रम चौहान, राजकुमार फागना, आरक्षक नितेश सपकाड़े, दिपांशु सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।