
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। देवास जिला अस्पताल के जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र विभाग में नाम और धर्म बदलकर प्रमाण पत्र जारी करने के नाम पर 30 हजार से एक लाख रुपए तक वसूली की शिकायतें भी सामने आई हैं। कलेक्टर नेहा मीना के निर्देश पर गठित चार सदस्यीय जांच टीम ने अस्पताल पहुंचकर रिकॉर्ड और फाइलों की पड़ताल की। मामले में नोडल इंचार्ज सहित संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
शिकायत में बताया गया है कि मूल रिकॉर्ड में बच्चे का नाम दक्ष, माता का नाम कृष्णा बाई और पिता का नाम राहुल दर्ज था। बाद में जारी प्रमाण पत्र में नाम बदलकर आमिन खां, माता का नाम रुखसार बी और पिता का नाम इसराइल खां कर दिया गया। शिकायतकर्ता ने नाम के साथ धर्म बदलने का भी आरोप लगाया है। जांच टीम इस बदलाव से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है।
जांच में पुराने जन्म रिकार्ड उपलब्ध नहीं होने के बावजूद प्रमाण पत्र जारी करने, अधिकार क्षेत्र से बाहर के प्रमाण पत्र बनाने और यूनिक आईडी के स्थान पर आवेदन क्रमांक दर्ज करने जैसी शिकायतों को भी शामिल किया गया है। टीम ने संबंधित फाइलें खंगाली हैं। कुछ दस्तावेज जब्त किए जाने की भी जानकारी है।
यह भी पढ़ें- Birth Death Certificate: घर बैठे बनाएं जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, देखें स्टेप बाई स्टेप प्रोसेस
सीएमएचओ ने बताया कि नोडल इंचार्ज सहित संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी किए हैं। सोमवार को सभी के बयान दर्ज होंगे। रिकॉर्ड और जवाब के परीक्षण के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। तहसीलदार कपिल गुर्जर ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। कुछ दस्तावेज जब्त किए गए हैं।