
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। देवास बस स्टैंड पर बुधवार को यातायात पुलिस ने सख्ती की। परमिट शर्तों का उल्लंघन कर अपने हिसाब से चलने वाली बसों के संचालकों को बुलाया और चेकिंग की। जो बसें बिना परमिट के समय भी बस स्टैंड पर खड़ी थी, उनको हटवाया गया।
इसके चलते बस स्टैंड खाली-खाली नजर आया। जहां सुबह से शाम तक कई बसें खड़ी रहती थीं, वहां इक्का-दुक्का बसें ही नजर आईं। पुलिस ने अब बस संचालकों को साफ कर दिया है कि परमिट में जो समय लिखा है उसी अनुसार संचालन होगा।
अगर किसी ने समय आगे-पीछे कर संचालन किया तो बस जब्त की जाएगी। बता दें कि देवास से इंदौर के बीच लगभग 38 बसें रोज चलती हैं। इनमें से किसी के तीन तो किसी के चार फेरे लगते हैं। बस संचालन को लेकर कुछ लोगों के बीच समय का विवाद चल रहा था।
आगे-पीछे के समय को लेकर आए दिन विवाद होते थे। पुलिस द्वारा समझाने पर मान जाते लेकिन बाद में फिर से विवाद करते। इसको लेकर शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों तक भी पहुंची। इसके बाद बुधवार को ट्रैफिक टीआई पवनकुमार बागडी़ ने सख्ती दिखाते हुए सभी बस संचालकों पर नकेल कसी।
यह भी पढ़ें- भाई बना देवास का SP, बहन बनीं अमृतसर की ADC, चर्चा में भोपाल की IPS-IAS जोड़ी
सभी को निर्देश दिए कि अब परमिट पर जो समय लिखा है उसी अनुसार संचालन करना होगा। मनमानी करने पर बस जब्त की जाएगी। विवाद की मूल वजह बसों का टाइम आगे-पीछे होना है, जिसे लेकर एजेंट भी झगड़ते हैं। परमिट शर्तों के अनुसार संचालन होने पर विवाद की स्थिति नहीं बनेगी। इसके लिए पुलिस जवान भी तैनात किए जाएंगे जो संचालन के समय पर नजर रखेंगे।
यह भी पढ़ें- देवास में बाइक सवार को बचाने में पलटा पाम ऑयल से भरा टैंकर, डिब्बे लेकर भरने पहुंचे लोग