
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास : दीपावली व छठ पर्व के लिए उत्तर-पूर्व रूट पर यात्रा करने वालों परेशानियां कम नहीं हो पा रही हैं। देवास से इस रूट पर नियमित ट्रेन नहीं होने से जहां यात्रियों का दबाव साप्ताहिक, द्वि व त्रिसाप्ताहिक ट्रेनों पर लगातार बढ़ रहा है, वहीं पर्व के लिए चलाई जाने वाली स्पेशल ट्रेनों का रूट देवास होकर नहीं करने से समस्या का निराकरण नहीं हो पा रहा है।
पर्व से पहले पश्चिम रेलवे द्वारा दाे विशेष ट्रेनों का संचालन इंदौर व आंबेडकरनगर से किया जा रहा है, लेकिन इन दोनों ही ट्रेनों का देवास आना नहीं हो रहा है। इन ट्रेनों का रूट पूर्व से चल रही दो साप्ताहिक व द्वि साप्ताहिक ट्रेन वाला नहीं रखा गया है। हालत यह है कि दोनों स्पेशल ट्रेनों में भी लंबी वेटिंग चल रही है और इनको पकड़ने के लिए देवास के यात्रियों को इंदौर, उज्जैन या फिर मक्सी जाना पड़ेगा।
देवास से साल में कई बार पटना जाने वाले यात्री प्रकाश सिंह ने बताया वर्तमान में इंदौर-पटना के बीच तीन ही सीधी ट्रेन सुविधा है। सोमवार, बुधवार व शनिवार को चलने वाली इन ट्रेनों में सालभर भीड़ रहती है। जैसे ही रिजर्वेश की दो माह की अवधि शुरू होती है तो अधिकांश सीटें पहले ही दिन बुक हो जाती हैं। इसके बाद यात्री मजबूरन वेटिंग टिकट लेते हैं और परेशानी का सामना करते हुए सफर करते हैं। कई बार तो ऐसी हालत हो जाती है कि वेटिंग टिकट भी मिलना बंद हो जाता है।
यात्री रानी सिंह ने बताया देवास से उत्तर-पूर्व के लिए प्रतिदिन ट्रेन नहीं होने से हमेशा वेटिंग की स्थिति रहती है। मजबूरी में कई यात्री भोपाल व अन्य स्टेशनों से दूसरी ट्रेन पकड़कर आगे की यात्रा करते हैं। देवास के कई यात्री ऐसे भी हैं जो देवास से पहले ग्वालियर जाते हैं फिर वहां से ग्वालियर-बरौनी मेल पकड़कर आगे की यात्रा करते हैं।
संजय सिंह ने बताया बस से कानपुर, लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, पटना आदि शहरों में जाने के लिए किराया ट्रेन के स्लीपर श्रेणी के रिजर्वेशन की तुलना में पांच से छह गुना तक अधिक लग रहा है। त्योहारी सीजन में कई बसों में किराया और बढ़ा दिया गया है।
वर्तमान में डॉ. आंबेडकरनगर से दानापुर के लिए साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन हर गुरुवार को चलाई जा रही है। वहीं एक अन्य स्पेशल ट्रेन इंदौर से सूबेदारगंज प्रयागराज के बीच सप्ताह में दो दिन मंगलवार व शनिवार को संचालित हो रही है। यह दोनों ट्रेनें इंदौर से देवास न आते हुए सीधे फतेहाबाद होकर उज्जैन पहुंच रही हैं।
हर गुरुवार को डॉ. आंबेडकरनगर से दानापुर के चलने वाली स्पेशल ट्रेन में पांच नवंबर को स्लीपर में वेटिंग 156 तक पहुंच गई है। थर्ड एसी इकोनामी व थर्ड एसी में वेटिंग 65 एवं सेकंड एसी में वेटिंग 44 है। इंदौर-सूबेदारगंज स्पेशल ट्रेन में दीपावली के पहले से लेकर 17 नवंबर तक स्लीपर व थर्ड एसी में वेटिंग की स्थिति है।
यह भी पढ़ें- अब चार जोड़ी सुपरफास्ट ट्रेनों का बदलेगा दर्जा, जबलपुर-कटनी और भोपाल होकर चलती है यह ट्रेनें