_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे से होकर गुजरने वाली चार जोड़ी सुपरफास्ट ट्रेनों का दर्जा बदलने जा रहा है। रेलवे ने इन्हें गैर-सुपरफास्ट श्रेणी में परिवर्तित करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही एक जनवरी 2027 से इन ट्रेनों के नंबर भी बदल जाएंगे।
इनमें जबलपुर-कटनी होकर चलने वाली दो प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं। महानगरी एक्सप्रेस और लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी)-बनारस सुपरफास्ट अब नए नंबरों से एक्सप्रेस ट्रेन के रूप में संचालित होंगी। अगले वर्ष इन ट्रेनों से नियमित यात्रा करने वाले यात्रियों को नए ट्रेन नंबर याद रखने होंगे।
महानगरी का नंबर 11093 होगा
छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से बनारस के बीच चलने वाली महानगरी सुपरफास्ट एक्सप्रेस का वर्तमान नंबर 22177 बदलकर 11093 हो जाएगा। वहीं, बनारस से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस जाने वाली वापसी ट्रेन 22178 अब 11094 नंबर से चलेगी।
यह ट्रेन जबलपुर और कटनी होकर गुजरती है। कटनी और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में यात्री मुंबई सहित अन्य शहरों के लिए इस ट्रेन से अप-डाउन करते हैं।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर का डिजिटल ब्लैकमेलिंग मकड़जाल, AI से अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर बदनामी, टेलीग्राम से चल रहा नेटवर्क
एलटीटी-बनारस सुपरफास्ट भी नए नंबर से चलेगी
लोकमान्य तिलक टर्मिनस-बनारस सुपरफास्ट एक्सप्रेस का नंबर 12167 बदलकर 11067 और वापसी में बनारस-लोकमान्य तिलक टर्मिनस ट्रेन का नंबर 12168 बदलकर 11068 हो जाएगा। यह ट्रेन भी जबलपुर-कटनी-सतना मार्ग से संचालित होती है।
यह ट्रेन महानगरी एक्सप्रेस के ही क्लोन ट्रेन के रूप में संचालित होती है। रेलवे ने यात्रियों से आग्रह किया है कि एक जनवरी से यात्रा की योजना बनाते समय बदले हुए ट्रेन नंबरों का उपयोग करें।
इटारसी-भोपाल मार्ग की दो अन्य ट्रेनों के नंबर भी बदलेंगे
इसके अलावा लोकमान्य तिलक टर्मिनस-अयोध्या कैंट तुलसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस का नंबर 22129 से बदलकर 11065 और वापसी में 22130 से बदलकर 11066 होगा। वहीं, वास्को डी गामा-हजरत निजामुद्दीन गोवा सुपरफास्ट एक्सप्रेस का नंबर 12779 से बदलकर 17379 और वापसी में 12780 से बदलकर 17380 किया जाएगा। ये दोनों ट्रेनें इटारसी-भोपाल मार्ग से संचालित होती हैं।