Dewas News: सोनकच्छ में सराफा व्यापारी से 10 किलो से अधिक चांदी जब्त
Dewas News: पूछताछ के दौरान चांदी परिवहन संबंधित वैध कागज उनके द्वारा प्रस्तुत नहीं किया गया। ऐसे में चांदी को जब्त करते हुए, जानकारी जिला मुख्यालय पर भेज दी गई है।
By Hemant Kumar Upadhyay
Edited By: Hemant Kumar Upadhyay
Publish Date: Sun, 05 Nov 2023 12:43:26 PM (IST)
Updated Date: Sun, 05 Nov 2023 12:43:26 PM (IST)
Dewas News: नईदुनिया न्यूज, सोनकच्छ (देवास)। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जिले की सीमाओं पर चेक पोस्ट (एसएसटी पाइंट) बनाए गए हैं। यहां से निकलने वाले वाहनों की जांच की जा रही है। शुक्रवार रात को चेक पोस्ट पर आष्टा निवासी राजेश सोनी के वाहन की डिक्की में रखे बैग में 10 किलो से भी अधिक चांदी मिली। इसे पुलिस ने जब्त किया।
जानकारी के मुताबिक सोनी सराफा व्यापारी हैं। पूछताछ के दौरान चांदी परिवहन संबंधित वैध कागज उनके द्वारा प्रस्तुत नहीं किया गया। ऐसे में चांदी को जब्त करते हुए, जानकारी जिला मुख्यालय पर भेज दी गई है।
निर्वाचन के अंतर्गत सत्यापन हेतु टीम का गठन जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा किया गया है, कागजों की प्रस्तुतीकरण के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
सोनकच्छ के रिटर्निंग आफिसर संदीप शिवा ने बताया कि चांदी से भरा बैग सरहद चौकी पर एसएसटी पाइंट पर जांच के दौरान मिला है, जिसके वैध कागज नहीं दिखाए जाने पर जब्ती की कार्रवाई की गई है। प्रकरण जिला निर्वाचन टीम को भेज दिया गया है, आगे की कार्रवाई वहीं से की जाएगी।