MP News: 10 महीने से फ्रिज में बंद थी महिला की लाश, बिजली जाने के बाद से घर से आई बदबू तो हुआ खुलासा
मध्य प्रदेश के देवास शहर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। वृंदावन धाम कॉलोनी के एक घर में फ्रिज से महिला की लाश मिली है। मकान मालिक इंदौर में रहते हैं और उन्होंने घर को किराए पर दिया था। किराएदार कभी-कभी यहां पर आता था।
Publish Date: Fri, 10 Jan 2025 01:02:16 PM (IST)
Updated Date: Fri, 10 Jan 2025 09:10:40 PM (IST)
वह घर जिसके अंदर फ्रिज में महिला की लाश मिली, मौके पर मौजूद पुलिस।HighLights
- देवास की वृंदावन धाम कॉलोनी में फ्रिज में मिली महिला की लाश।
- पुलिस जांच में जुटी, हत्या कर लाश को छिपाने की आशंका है।
- महिला के शव को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी।
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। देवास शहर के बायपास स्थित वृंदावन धाम कालोनी के एक मकान में शुक्रवार सुबह फ्रिज से महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। जानकारी के तुरंत बाद सक्रिय हुई बीएनपी थाने की टीम ने कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए आरोपित को पकड़ लिया। आरोपित ने मार्च 2024 में महिला की हत्या कर शव को फ्रिज में बंद कर रख दिया था। महिला और आरोपित लिव इन रिलेशन में पिछले करीब 5 वर्ष से रह रहे थे और महिला ने विवाह करने का दबाव बनाया था, जिसके चलते आरोपित और उसके एक साथी ने महिला की गला दबाकर हत्या की और शव को फ्रिज में बंद कर दिया था।
यह है पूरा घटनाक्रम
- वृंदावन कालोनी में इंदौर निवासी धीरेंद्र श्रीवास्तव के मकान में संजय पाटीदार और पिंकी उर्फ प्रतिभा प्रजापति जून 2023 से किराए से रह रहे थे।
- पिछले साल जून में संजय पाटीदार ने यह मकान खाली किया और यहां से चला गया। मकान खाली करने के दौरान संजय ने मकान का एक मास्टर बेडरूम और स्टडी रूम खाली नहीं किया।
- उस पर वह अपना ताला लगाकर बाद में खाली करने का कई बार मकान मालिक को कहता रहा। इसी बीच मकान मालिक ने बलवीरसिंह को मकान किराए से दे दिया।
- काफी समय तक जब संजय ने कमरे खाली नहीं किए तो मकान मालिक ने पिछले दिनों वर्तमान किराएदार को ताला तोड़कर संजय का सामान बाहर रखने के लिए कहा।
- इसके बाद गुरुवार को बलवीर ने ताला तोड़कर सामान एक तरफ किया। इसी दौरान उनको कमरे में फ्रिज का स्विच आन दिखा, जिसको उन्होंने बंद कर दिया।
- इसके बाद शुक्रवार सुबह कमरे से दुर्गंध आने लगी। इस पर उन्हें शंका हुई तो जानकारी मकान मालिक और पुलिस को दी गई।
फ्रिज को खोला तो उसमें से महिला की लाश निकली
- सुबह पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फ्रिज को खोला तो उसमें से महिला की लाश निकली, जिसके तुरंत बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी और प्रथम दृष्टया पूछताछ में ही पुराने किराएदार संजय पाटीदार पर शंका हुई।
- पुलिस ने तुरंत उसकी तलाश शुरू की और इसी बीच महिला की शिनाख्त भी पिंकी प्रजापति के रूप में की गई।
- एसपी पुनीत गेहलोद ने बताया कि आरोपित उज्जैन जिले के इंगोरिया थाना क्षेत्र के ग्राम मोलाना का निवासी है।
- आरोपित को थाना बीएनपी की टीम ने गिरफ्तार कर लिया और पूछताछ शुरू कर दी। एसपी गेहलोद ने बताया कि आरोपित संजय ने अपने साथी विनोद दवे के साथ मिलकर हत्याकांड को अंजाम दिया था।
- विनोद के राजस्थान के टोंक जिले में किसी अपराध के सिलसिले में जेल में बंद होने की जानकारी सामने आई है।
![naidunia_image]()
फ्रिज में जम गया था शव
- एसपी पुनीत गेहलोद ने बताया कि आरोपित पाटीदार ने मार्च 2024 में ही पिंकी की हत्या कर दी थी। हत्या करने के बाद फ्रिज को सबसे कम तापमान पर सेट कर बंद कर दिया।
- आरोपित ने फ्रिज को बाहर से कपड़े से बांधा और उपर से कवर कर अन्य सामान भी फ्रिज पर रख दिया।
- पुलिस सूत्रों के अनुसार शव खराब न हो इसलिए उसने फ्रिज का स्विच आन ही रखा, जिसके चलते शव फ्रिज में जम गया था।
- इसी के चलते शव खराब नहीं हुआ और उसमें से किसी प्रकार की दुर्गंध भी नहीं आई।
- गुरुवार को जब फ्रिज बंद हुआ, तो शरीर डिकंपोज होने लगा और बदबू के साथ फ्रिज में जमी बर्फ पिघली और खून भी बाहर निकलने लगा।