देवास में TI दिलीप पुरी की हत्या मामले में एक और संदिग्ध गुजरात से गिरफ्तार, अवैध शराब सिंडिकेट का भागीदार है
मध्य प्रदेश के देवास जिले में इस महीने की शुरुआत में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के दौरान एक पुलिस अधिकारी की हत्या के मामले में फरार चल रहे एक संदिग्ध को गुजरात से गिरफ्तार किया गया है।
Publish Date: Mon, 09 Nov 2026 04:48:47 PM (IST)Updated Date: Mon, 09 Nov 2026 04:53:01 PM (IST)
HighLights
- अवैध शराब सिंडिकेट का मुख्य भागीदार है
- मामले में गिरफ्तार लोगों की कुल संख्या 6 हुई
- अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के दौरान चली गई थी जान
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। मध्य प्रदेश के देवास जिले में इस महीने की शुरुआत में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के दौरान एक पुलिस अधिकारी की हत्या के मामले में फरार चल रहे एक संदिग्ध को गुजरात से गिरफ्तार किया गया है।
सब-डिविजनल पुलिस ऑफिसर (SDOP) आदित्य तिवारी ने बताया कि आरोपी मनीष जायसवाल जो अवैध शराब सिंडिकेट का एक मुख्य भागीदार है, उसको पूछताछ के लिए देवास लाया गया है। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार लोगों की कुल संख्या छह हो गई है।
अवैध शराब से लदे ट्रक को रोकने की कोशिश में चली गई थी जान
2 नवंबर को इंदौर-बैतूल हाईवे पर 1,800 लीटर अवैध शराब से लदे एक ट्रक को रोकने की कोशिश के दौरान खातेगांव के स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) दिलीप पुरी की मौत हो गई थी, जबकि एक कांस्टेबल घायल हो गया था।
पुलिस ने इससे पहले इस हत्या के मामले में पांच अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिनमें सिंडिकेट का कथित सरगना राहुल जायसवाल और ट्रक ड्राइवर गजेंद्र उर्फ अक्कू रावत शामिल हैं। वहीं, एक अन्य संदिग्ध मोहिन जायसवाल की फरार रहने के दौरान ब्रेन स्ट्रोक से मौत हो गई थी।
गुप्त सूचना के आधार पर पुरी ने वाहन को रोका था
पुलिस के अनुसार राहुल जायसवाल इस नेटवर्क को चलाता था और हरदा जिले की तीन लाइसेंस प्राप्त दुकानों से शराब खरीदता था। वह शराब की बिक्री से मिलने वाली रकम इकट्ठा करता था और अपने साथियों के बीच हिस्सा बांटता था। गुजरात जा रही शराब की खेप के बारे में मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुरी और उनकी टीम ने वाहन को रोका था।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, पुरी ने ट्रक को रोका और ड्राइवर से पूछताछ करने की कोशिश की, लेकिन ड्राइवर वहां से भागने के लिए ट्रक को सड़क के डिवाइडर पर चढ़ा ले गया। इस दौरान वाहन का पिछला पहिया स्टेशन इंचार्ज के ऊपर से गुजर गया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।