
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। शराब माफिया द्वारा खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी को मिनी ट्रक से कुचलकर मारने के मामले में पकड़े गए आरोपितों से पुलिस पूछताछ कर रही है। दो दिन पहले पकड़े गए मिनी ट्रक चालक गजेंद्र राजपूज व क्लीनर धीरज की गुरुवार को इंदौर से खातेगांव कोर्ट में जेएमएफसी के सामने वर्चुअल पेशी हुई।
कोर्ट ने दोनों आरोपितों के ठीक होने के बाद उन्हें दोबारा पेश करने का आदेश दिया। बता दें कि पुलिस के अनुसार, दोनों ने गिरफ्तारी के बाद भागने की कोशिश की थी। इसके बाद उनका शॉर्ट एनकाउंटर करना पड़ा।
वहीं, पुलिस टीम मिनी ट्रक मालिक केरम सिंह को लेकर आलीराजपुर ले गई। वहां तस्दीक गाड़ी उसकी होने की तस्दीक कराई। यह भी पता किया कि वह कहां से और किससे ली गई थी। पुलिस इस बात की पड़ताल में जुटी है कि आलीराजपुर से गुजरात तक शराब कैसे जाती थी और इसमें कौन-कौन शामिल हैं। गाड़ी का फास्टेग किसके नाम से था। शराब सप्लाय के तरीके के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, दाहोद में जिस जगह शराब रखवाई जाती थी और आगे भेजी जाती थी, उसकी भी पड़ताल पुलिस कर रही है। दूसरे आरोपित राहुल जायसवाल को पुलिस हरदा के टिमरनी लेकर गई थी। वाइन शाप का रिकॉर्ड जब्त किया है। बैंक खातों की जांच हो रही है। विजय राव को पुलिस इंदौर लेकर गई थी, लेकिन इसके बारे में पुलिस कुछ बता नहीं रही। एसपी आदित्य मिश्रा के अनुसार, अभी जांच चल रही है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ जारी है।
पुलिस टिमरनी के उस शराब दुकान के साझीदार- मोहिन जायसवाल, मनीष जायसवाल और पाटेंद्र जायसवाल का पता नहीं लगा सकी है, जहां से उठाकर परिवहन के लिए ले जाई जा रही थी। सूत्रों के अनुसार, इंदौर पुलिस ने मनीष की पत्नी को भी थाने लाकर पूछताछ की थी लेकिन कुछ खास जानकारी नहीं मिल सकी। एक मामले में शराब ठेकेदार द्वारा आरोपितों की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या की कोशिश की गई थी। उस मामले को भी पुलिस पता कर जांच में लेने की तैयारी में है।
यह भी पढ़ें- देवास में चंदाना शराब कांड को लेकर बड़ी कार्रवाई, आबकारी विभाग के 3 कांस्टेबल सस्पेंड
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी गुरुवार को बलिदानी थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी के पैतृक गांव बरमंडल पहुंचे। यहां उन्होंने स्वजन से मुलाकात कर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में अवैध शराब के कारोबार पर सवाल उठाते हुए कहा कि गुजरात तक अवैध शराब पहुंचना सरकार के संरक्षण के बिना संभव नहीं है।
सरकार को शराब माफियाओं को संरक्षण देना और उनकी रक्षा करना बंद करना चाहिए। मुख्य आरोपित राहुल जायसवाल को लेकर पूछे गए सवाल पर पटवारी ने कहा कि कांग्रेस ने संबंधित सदस्यों को उनके पदों से हटा दिया है।