
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास : खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी को मिनी ट्रक से कुचलकर हत्या करने का आरोपी चालक गजेंद्र उर्फ अक्कू रावत व क्लीनर धीरज को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किया था। भागने के दौरान देवास जिले में दोनों का शॉर्ट एनकाउंटर किया। जिला अस्पताल में उपचार के बाद दोनों मंगलवार रात में ही इंदौर रैफर कर दिया।
बुधवार को विवेचना टीम कोर्ट गई थी। वहां से आदेश हुआ है कि 5 नवंबर को दोनों आरोपी गजेंद्र और धीरज की वर्चुअली खातेगांव न्यायालय में पेशी होगी। दोनों आरोपी अस्पताल से ही पेशी में जुड़ेंगे। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।
मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपी केरम सिंह के बारे खुलासा हुआ है कि वह गुजरात के कुछ प्रकरणों में वांटेड है। 2025 में गुना में 301 पेटी अवैध शराब पकड़ाई थी। इसमें भी केरमसिंह आरोपित था। पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इंदौर के विजय राव ने जमानत करवाई थी।
बुधवार को पुलिस की चार टीमें अलग-अलग जगह रवाना की गई। इनमें दो टीमें आलीराजपुर बेल्ट तरफ, एक टीम इंदौर और एक टीम हरदा गई थी। हरदा से डिजिटल और तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए हैं। वाउचर डिटेल जब्त की है।
पुलिस सुबह ही केरम सिंह को लेकर दाहोद-गुजरात सीमा पर जाने वाली थी, लेकिन केस डायरी में विलंब होने के कारण देर रात को टीम रवाना हुई। सूत्रों की माने तो राहुल जायसवाल को लेकर टीम हरदा गई थी। टिमरनी वाइन शाप का रिकॉर्ड जब्त किया है। उससे पूछताछ में सामने आई बातों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
राहुल की तीन बसों को भी पुलिस ने जब्त किया। दो बसें कांटाफोड़ व एक डबलचौकी में खड़ी करवाई है। परमिट और फिटनेस न होने की बात कही जा रही है। एसपी आदित्य मिश्रा ने बताया कि फरार आरोपित मनीष, मोहिन और पाटेंद्र की गिरफ्तारी के लिए टीम रवाना की गई है। अलग-अलग संभावित ठिकानों पर सर्चिंग की जा रही है। कुछ लोगों को राउंड अप किया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
इंदौर। देवास जिले में अवैध शराब तस्करी रोकने के दौरान खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी को ट्रक से कुचलने वाले ड्राइवर गजेंद्र रावत उर्फ अक्कू का अरविंदो अस्पताल में इलाज चल रहा है। 3 नवंबर की रात गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने पुलिस अभिरक्षा से भागने और पुलिसकर्मी का हथियार छीनकर हमला करने की कोशिश की थी।
इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए शार्ट एनकाउंटर कर पैर में गोली मारी थी। घायल होने के बाद आरोपी गजेंद्र को इलाज के लिए देवास जिले से इंदौर लाया गया। आरोपी का अरविंदो अस्पताल में इलाज जारी है। देर रात में आरोपी अक्कू को आइसीयू में रखा गया था, सुबह स्थिति में सुधार के बाद सामान्य वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। बता दें कि पुलिस ने एक अन्य आरोपी क्लीनर धीरज का भी शार्ट एनकाउंटर किया था।
सुंद्रेल : अंचल के खातेगांव थाना क्षेत्र में पिछले दिनों मिनी ट्रक से कुचलकर टीआइ दिलीप पुरी गोस्वामी की हत्या के बाद शराब नेटवर्क से जुड़ी जांच के आरोपित राहुल जायसवाल की तीन बसों पर बुधवार सुबह कार्रवाई की गई। दो बसों को कांटाफाेड़ थाना व बिजवाड़ सहायता केंद्रों द्वारा जब्त किया गया।
इनको कांटाफोड़ थाना परिसर में खड़ा किया गया है। जांच में इन बसों के दस्तावेज नहीं मिले थे। वहीं एक अन्य बस डबलचौकी क्षेत्र में जब्त की गई। इस दौरान बसाें में यात्री सवार थे जिनको अन्य वाहनों से गंतव्य के लिए रवाना किया गया। बसों के दस्तावेजों के संबंध में जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- देवास पुलिस को मिली बड़ी सफलता: कार से 71 किलो अवैध गांजा जब्त, रायसेन के 4 तस्कर गिरफ्तार