नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। जिले के उदयनगर थाना क्षेत्र में मिर्जापुर के समीप मवड़ीपुरा में घास में लेटे काका को भतीजे ने उठने के कहा तो वो भड़क गया और विवाद शुरू कर दिया। इसी दौरान उसने भतीजे पर चाकू से सीने पर वार कर दिया जिससे वो गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलने पर उदयनगर से पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घायल को उदयनगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया लेकिन तब उसकी सांसे टूट चुकी थी। मामले में पुलिस ने काका के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज करके उसकी तलाश शुरू की है।
उदयनगर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 35 वर्षीय देवी सिंह उर्फ गब्बर अपने खेत पर टपरी बनाकर मवड़ीपुरा में रहता था। वो ड्राइवरी का काम करता था। सोमवार शाम को अपने घर पर आया था। इसी दौरान उसका काका बसंतीलाल आया और टपरी के पास आकर शराब पीकर खेत में सो गया।
गब्बरसिंह ने अपने काका बसंतीलाल से कहा यहां पर मत आया करो, आसपास महिला रहती है। खेत में मत लेटो, कोई जानवर काट लेगा। इतना सुनकर बसंतीलाल गालीगलौज करने लगा। दोनों के बीच कहासुनी के बाद झूमाझटकी हो गई। इसी दौरान आरोपित बसंतीलाल ने चाकू निकालकर देवी सिंह के सीने पर वार कर दिया। इससे देवी सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया, यह देखकर आरोपित वहां से भाग निकला।
देवी सिंह की पत्नी ने अपने ससुर को घटना को जानकारी दी। उधर उदयनगर पुलिस को सूचना मिलने पर थाना प्रभारी सुनीता कटारा दल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। देवी सिंह खून से लथपथ मिला, उसे उदयनगर अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टर ने जांच करके मृत घोषित कर दिया। मंगलवार को पोस्टमार्टम कर शव स्वजनों के सुपुर्द किया गया।
पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपित की तलाश में रात में कई जगह दबिश दी लेकिन वो हाथ नहीं लग सका। आशंका है कि वो जंगल में भाग गया होगा। मंगलवार को भी उसकी तलाश चलती रही। विवाद के दौरान आरोपित का मोबाइल फोन घटनास्थल पर ही छूट गया था। थाना प्रभारी कटारा ने बताया आरोपित की तलाश में टीमें लगी हैं।
इसे भी पढ़ें...BMHRC के डॉक्टरों ने किया कमाल, किडनी से 10 गुना बड़े कैंसर के ट्यूमर की सफल सर्जरी