देवास में विसर्जन करने गए ग्रामीणों पर मधुमक्खियों का हमला, दो दर्जन से अधिक घायल, एक गंभीर
देवास शहर के समीप स्थित ग्राम राजोदा में मां की ज्योत विसर्जन के दौरान मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हमले स...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 20 Oct 2026 01:26:04 PM (IST)Updated Date: Tue, 20 Oct 2026 01:38:17 PM (IST)
ग्रामीणों पर मधुमक्खियों ने किया हमला। -एआई इमेजHighLights
- महिला, पुरुष और बच्चों में मची भगदड़
- जान बचाने के लिए इधर-उधर भागे लोग
- घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों की मदद की
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास : देवास शहर के समीप स्थित ग्राम राजोदा में मां की ज्योत विसर्जन के दौरान मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हमले से बचने के लिए महिला, पुरुष और बच्चे इधर-उधर भागते नजर आए। इस दौरान कई लोग घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों की मदद की। मधुमक्खियों के अचानक हमले से कुछ देर के लिए वहां भगदड़ जैसे हालात बन गए। धार्मिक आयोजन में शामिल लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। घटना की सूचना के बाद घायलों को उपचार के लिए भेजा गया।
घटना में दो दर्जन से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना मिली है। घायलों में एक व्यक्ति की हालत ज्यादा चिंताजनक बताई गई है।
गांव अगेरा में भी मधुमक्खियों ने किया था हमला
उल्लेखनीय है कि सोनकच्छ क्षेत्र के गांव अगेरा में माता की मूर्तियों के विसर्जन चल समारोह में मधुमक्खियों ने सोमवार को अचानक हमला कर दिया था। इसके बाद चल समारोह में भगदड़ मच गई। मधुमक्खियों के हमले से 25 लोग घायल हुए, इनमें से कुछ की हालत सामान्य रही जबकि लगभग 13 लोगों को सोनकच्छ के शासकीय सिविल अस्पताल सहित निजी अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब एक दर्जन अन्य लोगों को भी मधुमक्खियों ने काटा था लेकिन उनको अधिक परेशानी नहीं हुई, इसलिए अस्पताल नहीं लाया गया और वे अपने घर चले गए। बीएमओ डा. शैलेंद्र ओरिया के अनुसार घायलाें की स्थिति चिंताजनक नहीं है, उपचार से सुधार हो रहा है। ग्रामीणों के अनुसार विसर्जन चल समारोह में बज रहे डीजे साउंड की तेज आवाज से पेड़ पर लगे छत्ते में बैठी मधुमक्खियां भड़कने की आशंका है। घायलों में महिलाओं, किशोरियों की संख्या अधिक बताई जा रही है।
कुछ माह में जिले में तीसरी बड़ी घटना जिले में मधुमक्खियों के हमले की पिछले कुछ माह में यह तीसरी बड़ी घटना है। पिछले दिनों बागली विकासखंड के पुंजापुरा क्षेत्र में जंगल से बकरी चराकर लौट रहे बुजुर्ग शेरू पुत्र धन्नालाल मानकर निवासी ग्राम रातातलाई पर मधुमक्खियों ने हमला किया था जिसमें उसकी जान चली गई थी। वहीं कुछ माह पहले विजयागंज मंडी क्षेत्र के गांव रालामंडल में निष्कलंकेश्वर महादेव मंदिर जा रही भाजपा की वाहन रैली पर भी मधुमक्खियों ने हमला किया था जिसमें करीब एक दर्जन कार्यकर्ता घायल हो गए थे।