
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास : सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा निकाल रहे मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री बुधवार रात को उज्जैन की सीमा से लगे हुए देवास जिले के गांव सिंदूरिया पहुंचे। यहीं पर रात्रि विश्राम किया। अपने प्रवास के दौरान सिंह ने राजनीतिक बातें नहीं की और सनातन को लेकर विचार व्यक्त किए।
कबीर भजन गायक पद्मश्री प्रह्लादसिंह टिपाणिया ने कबीर भजन सुनाए। इन भजनों को सुनने के बाद दिग्विजय सिंह ने कहा कि कबीर ऐसे संत थे जिन्होंने हिंदू और मुस्लिम दोनों ही धर्मों पर चोट की। कमियों को उजागर किया। पाखंड पर प्रहार किया। निराकार और अद्वैत से जोड़ा। मैं भी यही कोशिश कर रहा हूं कि उनके बताए मार्ग पर चल सकूं।
भजनों की प्रस्तुति के दौरान एक गायक ने अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला भी भजन में पिरोया, जिसे सुनकर अच्छा लगा। दिग्विजय सिंह जहां रात्रि विश्राम के लिए रूके वह पुराने कार्यकर्ता ओंकारसिंह का निवास है। इस बारे में बोलते हुए उन्होंने कहा कि जन्म कुंडली में मेरा नाम ओंकारसिंह ही है।
मेरे पिता ने बाद में दिग्विजय सिंह नाम रखा। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीष चौधरी, पूर्व मंत्री सज्जनसिंह वर्मा, पूर्व महापौर जयसिंह ठाकुर, पूर्व अध्यक्ष मनोज राजानी सहित कांग्रेसजन उपस्थित रहे। 22 अक्टूबर को सुबह 8 बजे यात्रा तराना के लिए प्रस्थान करेगी।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा तराना पहुंचेगी। बुधवार को यात्रा उज्जैन से प्रारंभ होकर कानीपुरा तराना मार्ग से होकर ग्राम सिंदूरिया पहुंची। विधायक महेश परमार सहित बड़ी संख्या में समर्थक पैदल यात्रा में शामिल थे।
कानीपुरा से लेकर तराना तक मार्ग में अनेक स्थानों पर स्वागत मंच बनाकर यात्रा का स्वागत किया गया। ग्राम सिंदूरिया में रात्रि विश्राम के बाद गुरुवार को प्रात: रवाना होकर तराना विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश करेगी। यहां विधायक महेश परमार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं द्वारा ग्राम भूखी बिंजल मोड़ पर स्वागत करेंगे व समीप मढ़ी घाट स्थित कृष्ण मंदिर पर भोजन व्यवस्था की गई है।
तराना में नाचन बोर से प्रवेश कर पुराना पेट्रोल पंप नयापुरा, स्मार्ट चौराहा, जवाहर चौक होकर हॉस्पिटल रोड से कलश गार्डन पहुंचेगी। नगर में अनेक स्थानों पर स्वागत मंच बना कर स्वाभिमान यात्रा का स्वागत किया जाएगा। कलश गार्डन पर धर्मसभा, भजन मंडली द्वारा भजनों की प्रस्तुति के साथ भोजन व्यवस्था की गई है। रात्रि विश्राम के बाद यात्रा शाजापुर के लिए रवाना होगी।

यात्रा में शामिल पूर्व विधायक गुर्जर और जीतू पटवारी। -नईदुनिया
नागदा जंक्शन : अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी व देशभर में धार्मिक स्थलों को पारदर्शी करने की मांग को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा उज्जैन से प्रारंभ की, जिसमें नागदा-खाचरौद विधानसभा के पूर्व विधायक गुर्जर के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। यात्रा में राधे जायसवाल, धारासिंह सुरेल, लोकेश चौहान, राधेश्याम चंद्रवंशी, सुरेश उपाध्याय, देवसिंह गुर्जर आदि शामिल थे। वहीं यात्रा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी शामिल हुए।
यह भी पढ़ें- 'चंदा चोरी में भी ज्ञानेश कुमार शामिल, मुझे EVM दो, वोट चोरी साबित कर दूंगा...'; इंदौर में बोले दिग्विजय सिंह