
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास : शहर की नगर निगम कॉलोनी में दो घर की दहलीज पर खेल रहे ढाई वर्षीय मासूम पर आवारा कुत्ते ने जानलेवा हमला कर दिया। अचानक पहुंचे कुत्ते ने बच्चे का सिर दबोचकर उसे खींच लिया, जिससे बच्चे को गंभीर चोट आई है। पास ही खेल रहे अन्य बच्चों ने कुत्ते के चंगुल से मासूम को छुड़ाया।
जानकारी के अनुसार ढाई वर्षीय भावेश गौड़ दो दिन पहले शाम पांच बजे घर की दहलीज पर खेल रहा था। इसी दौरान कुत्ता उसे खींचकर ले गया। कालोनी में खेल रहे अन्य बच्चों ने हमला देखकर शोर मचाया और कुत्ते को भगाने की कोशिश की।
आसपास के लोगों को सूचना मिलने पर पड़ोसी दौड़े और बच्चे को कुत्ते के चंगुल से छुड़ाया। कुत्ते के दो दांत बच्चे के सिर में घुस गए और आंख के पास गंभीर घाव हुआ। स्वजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां बच्चे का उपचार किया गया। स्वजन के मुताबिक घाव की ठीक से सफाई नहीं की गई। बाद में वे बच्चे को निजी अस्पताल भी ले गए।
रहवासियों ने बताया कि इस मामले में वे चार बार सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत कर चुके हैं। उनके अनुसार निगम के जिम्मेदारों ने कहा कि कुत्तों को रखने के लिए उनके पास कोई शेल्टर नहीं है और वे कुछ नहीं कर सकते। रहवासियों का आरोप है कि निगम आवारा कुत्तों को पकड़ने में रुचि नहीं दिखा रहा। कुछ क्षेत्रों में निगम कर्मचारी दिखाई देते हैं, लेकिन वे कुत्तों को पकड़कर साथ नहीं ले जाते। गुस्साए रहवासियों का कहना है कि जिम्मेदार कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। लगता है कि जिम्मेदारों को किसी बड़े हादसे के होने का इंतजार है।