
नईदुनिया न्यूज, हाटपीपल्या (देवास) : डबलचौकी क्षेत्र के ग्राम मिर्जापुर में मधुमक्खियों के हमले से 50 वर्षीय किसान बाबूलाल वर्मा की मौत हो गई। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार बाबूलाल शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे गांव के समीप अपने खेत पर कृषि कार्य के लिए गए थे। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों ने उन पर हमला कर दिया।
आसपास मौजूद किसानों को कुछ देर बाद पता चला तो बचाने के लिए दौड़े। मधुमक्खियों के हमले से गंभीर घायल बाबूलाल को डबलचौकी के निजी अस्पताल ले जाया गया, बाद में खुड़ैल क्षेत्र के निजी अस्पताल भी ले जाया गया लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
गौरतलब है कि कुछ माह में जिले में मधुमक्खियों के हमले की करीब पांच से छह घटनाएं हो चुकी हैं। पुंजापुरा क्षेत्र में बकरियां चराकर घर लौट रहे बुजुर्ग शेर सिंह पर भी मधुमक्खियाें ने हमला कर दिया था जिससे उसकी मौत हो गई थी। इसके अलावा देवास के समीप राजोदा, सोनकच्छ क्षेत्र के अगेरा, विजयागंज मंडी क्षेत्र के रालामंडल में भी मधुमक्खियों के हमले की घटनाएं हो चुकी हैं जिनमें कई लोग घायल हो गए थे।
सोनकच्छ : कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका छात्रावास, अगेरा के भवन में लगभग सात साल से मधुमक्खियों का छत्ता लगा है। प्रशासन और शिक्षा विभाग को कई बार सूचना देने के बावजूद इसे हटाने के प्रयास नहीं हुए।
शुक्रवार सुबह छत्ते से निकली मधुमक्खियों ने तीन छात्राओं और कुछ पालकों को काट लिया। घटना से छात्रावास में अफरा-तफरी मच गई और छात्राएं डर के कारण काफी देर तक बाहर नहीं निकलीं। जानकारी के अनुसार छात्रावास में 135 छात्राएं दर्ज हैं, इनमें से फिलहाल 70 उपस्थित हैं।
यहां कक्षा छठी से आठवीं तक की छात्राएं रहती हैं। उनका स्कूल शासकीय माध्यमिक विद्यालय अगेरा गांव के हाईवे किनारे स्थित है। स्कूल जाते समय मधुमक्खियां छात्राओं की ओर उड़कर आईं। वे छात्रावास की तरफ भागीं लेकिन तीन छात्राएं और कुछ पालक उनकी चपेट में आ गए।
ग्रामीणों ने छत्ता हटाने में देरी पर चिंता जताते हुए प्रशासन और शिक्षा विभाग से तत्काल ध्यान देने की मांग की है। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी राजीव सूर्यवंशी ने कहा मामला उनके संज्ञान में नहीं है, इसकी जानकारी लेकर छत्ता हटवाने के प्रयास किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें- उड़द के खेत में मधुमक्खियों का हमला, 4 साल की मासूम समेत 4 लोग गंभीर, अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती