देवास में हाईवे पर शव देख रुका ट्रैक्टर, पीछे से दूध के टैंकर ने मारी टक्कर, चार लोग घायल, लगा जाम
देवास-भोपाल हाईवे पर बुधवार रात करीब 12 बजे सोनकच्छ बायपास स्थित बड़े पुल के पास अज्ञात व्यक्ति का शव सड़क पर पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पहुंची डायल-11...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 15 Oct 2026 02:26:16 PM (IST)Updated Date: Thu, 15 Oct 2026 02:26:16 PM (IST)
घायलों को अस्पताल में उपचार दिया गया। -नईदुनियाHighLights
- नए बायपास पर जाम के बाद पुराने मार्ग पर डायवर्ट किए वाहन
- बिजली के तार टूटने से दोनों मार्गों पर लगी कतारें
- सूचना पर पहुंची डायल-112 की टीम ने वाहनों की आवाजाही रुकवाई
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास : देवास-भोपाल हाईवे पर बुधवार रात करीब 12 बजे सोनकच्छ बायपास स्थित बड़े पुल के पास अज्ञात व्यक्ति का शव सड़क पर पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पहुंची डायल-112 की टीम ने वाहनों की आवाजाही रुकवाई।
इसी दौरान शव से करीब 200 फीट दूर मक्के से भरी ट्रॉली लेकर जा रहे ट्रैक्टर को चालक ने रोक दिया। तभी पीछे से तेज गति में आए दूध के टैंकर ने ट्राली को टक्कर मार दी। हादसे में दो बच्चों सहित चार लोग घायल हो गए, जबकि मक्के की फसल सड़क पर बिखर गई।
जाम के कारण कुछ देर तक डायल-112 वाहन भी फंसा रहा
डायल-112 के आरक्षक देवेंद्र नरवरिया, रविंद्र मालवीय और पायलट कुलदीप राणा व शिवम मालवीय ने घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन जाम के कारण कुछ देर तक डायल-112 वाहन भी फंसा रहा। हादसे में जितेंद्र पुत्र कैलाश, अनमोल पुत्र राजेंद्र, राजेंद्र पुत्र सिद्धूलाल निवासी डिगरखेड़ा जिला सीहोर घायल हुए हैं। मक्के की फसल के ऊपर गिरने से एक बुजुर्ग और बच्चों को गंभीर चोट नहीं आई। किसान परिवार मक्का देवास मंडी में बेचने ले जा रहा था।
पुराने बायपास पर भी लगा जाम
हाईवे पर जाम लगने के बाद पुलिस ने वाहनों को बाबा रामदेव चौराहे से पुराने बायपास की ओर डायवर्ट किया। इसी दौरान बस स्टैंड के समीप सोनगढ़ी के पास एक वाहन की टक्कर से डीपी के तार टूट गए। इससे पुराने मार्ग पर भी वाहनों की कतार लग गई। विविकं के मुकेश जोशी, जितेंद्र माली व दीपक खेलवाल ने सीढ़ी व बल्ली की मदद से तार ऊंचे कराकर यातायात बहाल किया गया, बाद में तार को ठीक किया गया।
एसआइ विजय जाट, प्रधान आरक्षक धर्मवीर गुर्जर, आरक्षक संदीप मेवाड़ा और नगर परिषद के नायब दरोगा जितेंद्र राजपूत भी मौके पर पहुंचे। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद जाम खुला। गुरुवार सुबह चार बजे क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया।
शव की पहचान नहीं
अज्ञात व्यक्ति के शव को एंबुलेंस से सिविल अस्पताल लाया गया। पहचान नहीं होने के कारण शव पोस्टमार्टम कक्ष में रखा गया है। पुलिस मृतक की पहचान करने के साथ ही यह पता लगाने में जुटी है कि उसे किस वाहन ने टक्कर मारी थी। टीआई विक्रांत झांझोट के अनुसार आसपास के पुलिस थानों में भी मृतक के संबंध में जानकारी भेजी गई है।