
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास : जिले के खातेगांव में अवैध शराब से भरे ट्रक को रोकने के दौरान बलिदानी हुए थाना प्रभारी (TI) दिलीप पुरी का सोमवार को उनके पैतृक गांव बरमंडल (धार) में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
इधर, पुलिस गिरफ्तार तीन आरोपियों को मंगलवार को कोर्ट में पेश कर सकती है। वहीं खातेगांव, कन्नौद, नेमावर सही अन्य थानों की टीमें दूसरे आरोपियों की तलाश में अलग अलग जगह दबिश दे रही है। राहुल जायसवाल के बयान के बाद अब मनीष जायसवाल इंदौर, मोहिन जायसवाल अहमदाबाद, पार्टेंद्र जायसवाल बड़वानी की तलाश में पुलिस जुट गई है।
जांच अधिकारी डीजी उपेंद्र जैन के अनुसार पांच जिलों की पुलिस सर्चिंग में लगी है। ओरिजिन प्वॉइंट से डेस्टिनेशन प्वॉइंट तक की कड़ियां जोड़ी जा रहीं है। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अब तक की कार्रवाई के दौरान पता चला है कि शराब ब्लैक करने का काम मनीष जायसवाल निवासी एरोड्रम इंदौर का था, जो लाइसेंसी पाटेंद्र जायसवाल की शराब को दूसरी जगह ब्लैक करने का काम करता था। राहुल जायसवाल टिमरनी वाइन शॉप का काम संभालता था।
मनीष के पास पास बड़वानी की दो दुकानों के लाइसेंस भी है। वह फरार है। झाबुआ से पकड़ा गया केरम ट्रक को झाबुआ की ओर ले जा रहा था। वह अपनी कार से पायलेटिंग कर रहा था। जोबट तक शराब ले जाने का काम इसका था। इसके बाद मोहिन जायसवाल इस शराब को आगे भिजवता था। इन तीनों के अलावा पुलिस लोकल कनेक्ट की पड़ताल भी कर रही है। खातेगांव, कन्नौद सहित हरदा, देवास में भी पुलिस सर्चिंग कर रही है।
यह भी पढ़ें- देवास में 15 टन प्याज की डकैती का खुलासा, चाकू की नोक पर ट्रक लूटने वाले 7 आरोपी गिरफ्तार, 30 लाख का माल बरामद