
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। ये देवास पुलिस है... गुस्से से भरी और सबको ठीक कर देने की बात कहने वाली पुलिस। कुछ माह पहले तक जो पुलिस संवेदनाओं की बात करती थी, वह अब नदारद सी है। लोग अगर आक्रोशित हों तो कहती है होश-ओ-हवास में बात करना। दुर्घटना के बावजूद पुलिस-एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंच पा रही और लोग बातें कर रहे कि कप्तान क्या बदले, पुलिस का मिजाज ही बदल गया।
दरअसल, यह बात रविवार रात को हुए सड़क हादसे के बाद उठी। जानकारी के मुताबिक भोपाल रोड स्थित जॉन डियर फैक्ट्री के पास रविवार रात करीब पौने आठ बजे हादसा हुआ। एक महिला की मौके पर मौत हो गई। डेढ़ साल का बच्चा घायल हुआ।
बीएनपी थानांतर्गत आने वाले इस क्षेत्र में हुई घटना से बीएनपी थाना पुलिस ही अनजान रही। बीएनपी टीआई प्रीति कटारे ने कहा कि ऐसा तो कोई पॉइंट नहीं आया। दो दिन पहले जरूर हुआ था। बाद में कहा कि पूछकर बताती हूं। बाद में भी टीआई कटारे को फोन किया लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।
इधर, घटनास्थल पर लोगों की भीड़ लगी। कुछ ने वीडियो भी बनाए और कहा कि आधा घंटा बीत जाने के बावजूद न तो पुलिस पहुंची न ही एंबुलेंस। लोग नाराजगी जताते रहे। कुछ देर के लिए रास्ता जाम भी किया। बाद में एक वीडियो भी इंटरनेट मीडिया में प्रसारित हुआ, जो घटनास्थल का बताया जा रहा है। आक्रोशित लोगों को समझा रहे एक पुलिस अधिकारी गुस्से से किसी को फटकारते नजर आए। नईदुनिया इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता।
बताया जा रहा है कि हादसे में मृत महिला का नाम निकिता निवासी इंदौर है। वह पति व डेढ़ साल के बच्चे लावांश के साथ दोपहिया वाहन से इंदौर की ओर जा रही थी। भोपाल रोड पर अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला की मौत हुई। इसी दौरान चूना खदान बालगढ़ निवासी राहुल भाटी आष्टा से अपने साथियों के साथ लौट रहे थे।
भीड़ देखकर रुके। बच्चा रो रहा था। इस पर वे बच्चे को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे और उपचार करवाया। रात करीब 9 बजे महिला का शव जिला अस्पताल लाया गया। घटना के बाद लोगों में पुलिस-प्रशासन के प्रति नाराजगी भी देखी गई।
यह भी पढ़ें- इंदौर में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में झूमे हजारों फैंस, 'गोट' से 'बॉर्न टू शाइन' तक गूंजा स्टेडियम