
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। देवास जिले के खातेगांव क्षेत्र में सामने आए चर्चित अवैध शराब मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार करते हुए बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। टिमरनी क्षेत्र में निरंतर निरीक्षण और सघन निगरानी में घोर लापरवाही बरतने के आरोप में हरदा के सहायक जिला आबकारी अधिकारी अमर सिंह बघेल सहित दो आबकारी आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
निलंबित किए गए कर्मियों में सहायक जिला आबकारी अधिकारी अमर सिंह बघेल के साथ आबकारी आरक्षक (जिला हरदा) कृष्णपाल सिंह डोडियार और एक अन्य आबकारी आरक्षक शामिल हैं।
विभागीय सूत्रों के अनुसार, सीमावर्ती इलाकों में लगातार अवैध गतिविधियों और शराब परिवहन की सूचनाओं के बावजूद क्षेत्रीय अमले द्वारा प्रभावी गश्त व नियंत्रण नहीं रखा गया, जिसके चलते वरिष्ठ स्तर से यह कठोर कार्रवाई की गई है।
खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी का अंतिम संस्कार उनके समाज की परंपरा के अनुसार समाधि देकर किया गया। समाज की मान्यता के अनुसार उनके पार्थिव शरीर को मुखाग्नि देने के बजाय गांव में ही निर्धारित स्थल पर जमीन में समाधि दी गई। उनके बेटे के माध्यम से समाधि देने की प्रक्रिया पूरी की गई।
अंतिम संस्कार के दौरान परिजन ने इंदौर रेंज के आईजी अनुराग सिंह से मुलाकात कर पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की। साथ ही शहीद की पत्नी कविता पुरी को उज्जैन संभाग के बजाय इंदौर संभाग में नौकरी देने का आग्रह किया, ताकि वह अपने परिवार के संपर्क में रह सकें। परिजन ने यह भी मांग रखी कि कविता पुरी को फील्ड पोस्टिंग के बजाय कार्यालय में पदस्थ किया जाए। अंतिम संस्कार के दौरान परिजन ने इन प्रमुख मांगों को पुलिस अधिकारियों के समक्ष उठाया।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच कर्तव्य पथ पर अपनी सेवाएं देने वाले खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी के निधन से पुलिस और प्रशासनिक अमले में गहरा शोक व्याप्त है। इंदौर स्थित ओमेक्स सिटी स्थित उनके निवास पर दिवंगत थाना प्रभारी का पार्थिव शरीर पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया। अंतिम दर्शन के लिए सुबह से ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों का तांता लगा रहा।
देवास कलेक्टर नेहा मीणा ने स्वयं इंदौर पहुंचकर दिवंगत थाना प्रभारी को श्रद्धासुमन अर्पित किए। वहीं, देवास के पूर्व एसपी पुनीत गहलोत भी अपने साथी कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी को श्रद्धांजलि देने पहुंचे। लंबे समय तक साथ काम करने और बैचमेट रहे पुलिस अधिकारी भी अंतिम दर्शन के दौरान अत्यंत भावुक नजर आए। विभाग के तमाम अधिकारियों और कर्मचारियों ने नम आंखों से अपने साथी को विदा किया।
यह भी पढ़ें- एमपी राज्यसभा उप चुनाव: हरदीप पुरी को चुनौती देंगे निर्दलीय राजकुमार लोहानी, कांग्रेस ने दिया समर्थन