
सत्येंद्रसिंह राठौर, नईदुनिया देवास। भगवान महाकाल की नगरी उज्जैन में वर्ष 2028 में होने वाले सिंहस्थ में देशभर से करोड़ों श्रद्धालु ट्रेनों से आएंगे। इसको देखते हुए उज्जैन के आसपास के स्टेशनों पर तो काफी समय से तैयारियां शुरू कर दी गई थीं लेकिन अब इनका दायरा बढ़ाया जा रहा है। देवास-इंदौर के बीच बरलई स्टेशन में सिंहस्थ के दौरान ट्रेनों को खड़ा करने के लिए एक अतिरिक्त लाइन डाली जाएगी।
लगभग डेढ़ किमी लंबी लाइन डालने में करीब साढ़े पांच करोड़ रुपए खर्च होंगे। इस स्टेशन पर चार लाइन पहले से मौजूद हैं। नई लाइन के हिस्से में आने वाले छोटे पेड़ों को काटने का काम शुरू कर दिया गया है। लाइन डालने का काम एक साल में पूरा होने की उम्मीद है। सिंहस्थ के समय ट्रेनों की संख्या बढ़ने पर इस लाइन का उपयोग एक तरह से पार्किंग के रूप में किया जा सकेगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार जिस डेढ़ किमी के हिस्से में नई लाइन डाली जाना प्रस्तावित है, उसमें दो छोटे नाले भी पड़ रहे हैं। इन नालों पर पुलिया का निर्माण किया जाएगा। देवास से बरलई रेलवे स्टेशन की दूरी लगभग 13 किमी है और यह इंदौर जिले में पड़ता है। नई लाइन बनने के बाद बरलई स्टेशन में देवास से भी अधिक लाइन हो जाएंगी। देवास स्टेशन में वर्तमान में यात्री गाड़ियों के लिए चार लाइन हैं। देवास से इंदौर की ओेर जाने में बरलई में नई लाइन बायीं ओर तैयार की जाएगी।
लाइन के हिस्से में पास में आने वाले छोटे पेड़ों की कटाई के बाद लाइन की मार्कंग की जाएगी। इसके बाद नालों पर पुलिया बनाने का काम होगा। इनके बनने के बाद अर्थवर्क शुरू किया जाएगा। वर्षा सीजन समाप्त होने के बाद गिट्टी डालकर बेस तैयार किया जाएगा। इसके ऊपर स्लीपर बिछाने के बाद पटरी बिछाकर जोड़ वाले पाइंट का काम किया जाएगा। इसके लिए ब्लॉक लेने की स्थिति बनेगी।
बरलई रेलवे स्टेशन पर करीब 250 मीटर लंबी साइडिंग बनी हुई है, जिसमें विभिन्न प्रकार की मशीनें, इंजन, खराब होने वाले कोच आदि खड़े किए जाते हैं। नई लाइन डालने के दौरान इसको तोड़ना पड़ेगा। इसके बाद इसे दूसरी जगह पर देवास की ओर बनाया जाएगा। देवास में फिलहाल कोई तैयारी नहीं रेलवे के अधिकारियों के अनुसार सिंहस्थ को लेकर देवास रेलवे स्टेशन या आसपास फिलहाल कोई तैयारी नहीं है।
यह भी पढ़ें- धार-इंदौर के बीच यात्री ट्रेन संचालन को मिली हरी झंडी, दिसंबर में दौड़ सकती है पहली मेमू ट्रेन
आगामी समय में देवास जिले के किसी स्टेशन पर अतिरिक्त लाइन आदि तैयार करने या किसी अन्य कार्य की स्वीकृति मिल सकती है।-इंदौर के आसपास राजेंद्रनगर में अतिरिक्त लाइन संबंधी काम किया जाना है। बरलई स्टेशन में काम को लेकर अभी विस्तृत जानकारी नहीं है, इसके बारे में पता करवाते हैं। -मुकेश कुमार, पीआरओ रतलाम मंडल।