
नईदुनिया प्रतिनिधि, धार। इंदौर-दाहोद रेल परियोजना के तहत धार से इंदौर के बीच यात्री ट्रेन शुरू होने का इंतजार अब जल्द खत्म होने की उम्मीद है। रेलवे सुरक्षा आयुक्त की जांच के बाद 16 नवंबर को धार-इंदौर रेलखंड पर यात्री ट्रेन और मालगाड़ी दोनों के संचालन को अनुमति मिल चुकी है। ऐसे में दिसंबर में यात्री ट्रेन शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।
हालांकि, धार को फिलहाल इंदौर से जोड़ने के लिए मेमू (मेनलाइन इलेक्ट्रिक मल्टीपल यूनिट) ट्रेन ही प्रमुख विकल्प होगी। लंबी दूरी की ट्रेनों के संचालन अथवा इंदौर से चलने वाली ट्रेनों का धार तक विस्तार फिलहाल मुश्किल नजर आ रहा है।
दरअसल, कुछ समय से यह संभावना जताई जा रही थी कि इंदौर रेलवे स्टेशन पर बढ़ते यातायात और सीमित सुविधाओं को देखते हुए कुछ लंबी दूरी की ट्रेनों का विस्तार धार तक किया जा सकता है। इससे धार को भी लंबी दूरी की रेल कनेक्टिविटी मिल सकती थी, लेकिन इसके लिए जरूरी बुनियादी सुविधाएं यहां उपलब्ध नहीं हैं। इनमें सबसे महत्वपूर्ण पिट लाइन और कोच वाटरिंग हाइड्रेंट की व्यवस्था है।
पिट लाइन रेलवे ट्रैक के नीचे निरीक्षण और रखरखाव के लिए बनाई गई विशेष व्यवस्था होती है। इसके माध्यम से ट्रेन के डिब्बों के निचले हिस्से, पहियों, ब्रेक और अन्य तकनीकी उपकरणों की जांच, मरम्मत तथा कोचों की सफाई की जाती है। लंबी दूरी की ट्रेनों के अगले फेरे से पहले उनकी निर्धारित देखरेख के लिए यह सुविधा महत्वपूर्ण होती है। वहीं, कोच वाटरिंग हाइड्रेंट ऐसी पाइपलाइन व्यवस्था है, जिसके माध्यम से ट्रेन के प्रत्येक डिब्बे की पानी की टंकियां भरी जाती हैं।
इससे यात्रियों को शौचालय और अन्य जरूरतों के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया जाता है। धार में इन दोनों सुविधाओं का अभाव होने से लंबी दूरी की ट्रेनों के रैक का रखरखाव, सफाई और पानी भरने जैसी व्यवस्थाएं स्थानीय स्तर पर करना संभव नहीं होगा। यही वजह है कि फिलहाल यहां से लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन या अन्य ट्रेनों का विस्तार व्यावहारिक नहीं दिख रहा है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में शादियों के 11 शुभ मुहूर्त के बीच रेलवे ने कैंसिल की 52 ट्रेनें, बारातियों व यात्रियों की बढ़ी मुसीबत
बता दें कि 5 और 6 नवंबर को रेलवे सुरक्षा आयुक्त ई. श्रीनिवास ने रेलखंड का निरीक्षण किया था। इसके बाद आवश्यक औपचारिकताओं के साथ संचालन की अनुमति मिली है। अब दिसंबर में ट्रेन शुरू करने को लेकर उम्मीदें हैं। हालांकि, इसके लिए राजनीतिक स्तर पर भी पहल जरूरी होगी।
केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर की ओर से रेलवे मंत्रालय और संबंधित अधिकारियों के समक्ष शीघ्र ट्रेन संचालन के लिए प्रयास किए जाने की आवश्यकता है। साथ ही भविष्य में लंबी दूरी की ट्रेनों का लाभ धार को मिल सके, इसके लिए पिट लाइन और हाइड्रेंट जैसी सुविधाओं के विकास की मांग भी उठानी होगी।