
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। त्योहारी अवकाश के बाद गुरुवार को कृषि उपज मंडी में कारोबार की शुरुआत हुई। मंडी में परंपरानुसार मुहूर्त सौदे किए गए। मुहूर्त सौदों में पीला सोना (सोयाबीन) 8585 रुपये प्रति क्विंटल बिका, जबकि ज्वार का भाव 12251 रुपये प्रति क्विंटल रहा। वहीं गेहूं 5151 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर बिका।
मुहूर्त सौदों की शुरुआत से पहले मंडी परिसर स्थित मां अन्नपूर्णा और हनुमान जी के मंदिर में विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। इसके बाद आरती हुई और सुख-समृद्धि की कामना की गई। ढोल-ढमाके, आतिशबाजी के बीच मुहूर्त सौदों की शुरुआत हुई।
इस दौरान जय जवान- जय किसान के नारे गूंजे। व्यापारियों और किसानों में उत्साह रहा। मुहूर्त सौदों के माध्यम से नए कारोबारी सत्र की शुरुआत की गई। सोयाबीन, ज्वार और गेहूं आदि के भाव के साथ हुए इन सौदों ने मंडी में नए व्यापारिक सत्र का माहौल बनाया।

यह भी पढ़ें- इंदौर-देवास बायपास के गड्ढों को लेकर हाई कोर्ट सख्त, प्रोजेक्ट डायरेक्टर को किया तलब