
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। दीपावली पर्व को देखते हुए जिलेभर में खाद्य निर्माण इकाइयों, मिष्ठान्न भंडारों एवं डेयरियों पर दल जांच व कार्रवाई कर रहे हैं। इस कड़ी में देवास शहर, खातेगांव एवं बागली (चापड़ा) में 1050 किलोग्राम से अधिक मिलावटी व अमानक मिठाइयों को जब्त किया गया। जब्त मिठाइयों को ट्रेंचिंग ग्राउंड में विधिवत नष्ट किया गया।
संयुक्त जांच दल ने देवास के नयापुरा स्थित न्यू स्वदेशी स्वीट्स पर एनालाग मावे से बनी 770 किलोग्राम सामग्री को नष्ट कराया। संबंधित फर्म का खाद्य लाइसेंस निरस्त कराने हेतु प्रस्ताव भी प्रेषित किया जाएगा। स्टेशन रोड स्थित राजस्थान स्वीट्स से एनालॉग मावे से तैयार लगभग 200 किलोग्राम मिठाई को नष्ट कराया गया।
लाल गेट स्थित रेखा मिष्ठान्न भंडार में मावे से निर्मित बर्फी में चींटियां एवं दूषित वातावरण पाए जाने पर लगभग 50 किलोग्राम मावा बर्फी का भी विनष्टीकरण कराया गया। खातेगांव और बागली अनुभाग में भी संयुक्त जांच दलों ने मिष्ठान दुकानों एवं होटलों की पड़ताल की।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में मिलावटखोरों पर शिकंजा, दो मशहूर स्वीट्स दुकानों पर खाद्य विभाग की छापेमारी
इसके तहत खातेगांव के वार्ड क्रमांक तीन स्थित राजस्थान मिष्ठान्न भंडार से एनालॉग मावे से निर्मित लगभग 30 किलोग्राम मिठाई तथा लगभग 30 लीटर अमानक दूध का विनष्टीकरण कराया गया। साथ ही अन्य दुकानों से नमूने लिए।