
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। जिला मुख्यालय से करीब 120 किमी दूर सतवास तहसील मुख्यालय के समीप पुनर्वास स्थल में बनी झोपड़ी में शनिवार दोपहर अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई। जिस समय आग लगी उस समय झोपड़ी में बुजुर्ग अकेले थे, लकवा की बीमारी से पीड़ित होने के कारण वे स्वयं को बचा नहीं सके।
दमकल व आसपास के ग्रामीणों की मदद से आग पर जब तक काबू पाया गया तब तक झुलसकर उनकी मौत हो गई। मामले में सतवास पुलिस ने मर्ग कायम करके जांच शुरू की है।
सतवास थाना टीआई आशीष पाल ने बताया पुनर्वास स्थल में एलएनटी के पुराने कार्यालय के समीप बुजुर्ग छोटू पुत्र विश्राम अपने बेटे के साथ झोपड़ी में रहते थे। उनका बेटा सतवास में निजी दुकान में काम करता है। दोपहर में बुजुर्ग घर पर अकेले थे, इसी दौरान किसी कारण से झोपड़ी में आग लग गई। घास-फूस अधिक होने के कारण आग तेजी से फैल गई।
लकवा से पीड़ित होने के कारण बुजुर्ग चलने-फिरने में असमर्थ थे इसलिए वे स्वयं को आग से बचा नहीं पाए और बाहर नहीं निकल सके। आग से झुलसकर मौत हो गई। बुजुर्ग मूल रूप से हरणगांव थाना क्षेत्र के निवासी थे और करीब दो साल से वे अपने बेटे के साथ पुनर्वास स्थल पर रह रहे थे। झोपड़ी में बिजली की वायरिंग जली हुई मिली है, इससे आग लगी या फिर चूल्हे आदि से, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।
यह भी पढ़ें- 3 करोड़ का सोना, ₹26 लाख कैश, जमीन के 28 दस्तावेज... एमपी में 7.60 करोड़ की संपत्ति का मालिक SDO