
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर बरोठा के सांसी मोहल्ले में दो पक्षों में कहासुनी के बाद मंगलवार दोपहर पथराव हो गया। दोनों ओर से जमकर पत्थर चले जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। जिन लोगों का विवाद नहीं था, उन लोगों ने जैसे-तैसे घरों के अंदर घुसकर बचाव किया। एक पक्ष हिंदू और दूसरा मुस्लिम समाज का बताया जा रहा है।
पथराव की सूचना जैसे ही मिली तो बरोठा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया गया। पथराव से दोनों पक्षों के करीब आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं, इनमें से कुछ को जिला अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों के अनुसार किसी की स्थिति गंभीर नहीं है। उधर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के करीब एक दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे थाने में पूछताछ की जा रही है।
बताया जा रहा है कि सोमवार शाम को दोनों पक्षों की बाइक में टक्कर हो गई थी, जिससे एक बाइक में नुकसान हुआ था। नुकसान वाली बाइक का सुधार कार्य करवाने की बात पर मंगलवार को विवाद बढ़ा। बरोठा थाना टीआई सविता जाटव ने बताया कि दोनों पक्षों के 5 से 6 लोगों को चोटें आई हैं। किसी की स्थिति गंभीर नहीं है, दोनों पक्षों की ओर से शिकायत मिली है और कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें- इंदौर कॉन्सर्ट से पहले दिलजीत बोले- आऊंगा और पोहा खाऊंगा, दो बार मिल चुकी है बम से उड़ाने की धमकी