
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। पंजाबी गायक व अभिनेता दिलजीत दोसांझ के आगामी इंदौर कॉन्सर्ट को लेकर सुरक्षा और प्रशासनिक स्तर पर हलचल तेज हो गई है। आतंकी संगठन के नाम से मिले धमकी भरे ई-मेल्स और बाल संरक्षण विभाग द्वारा चार गानों पर लगाई गई पाबंदी के बावजूद दिलजीत ने शहर आने को लेकर स्थिति साफ कर दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर शहर के मशहूर खान-पान केंद्र 'छप्पन दुकान' की पुरानी तस्वीरें साझा करते हुए लिखा - 'मैं आऊंगा और सबसे पहले पोहा खाऊंगा।'

इंदौर के सी-21 एस्टेट/मॉल परिसर में 15 नवंबर को दिलजीत दोसांझ का लाइव संगीत कार्यक्रम निर्धारित है। हालांकि, आयोजन से ठीक पहले 'खालिस्तानी नेशनल आर्मी' के नाम से धमकी भरे इलेक्ट्रॉनिक संदेश (ई-मेल) भेजे गए हैं। इन संदेशों में कॉन्सर्ट स्थल और मुख्य मंच को आईईडी व बम धमाकों से दहलाने की चेतावनी दी गई है। ई-मेल में अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे अपने बच्चों को इस कार्यक्रम में न भेजें।

यह धमकी भरे संदेश ग्वालियर हाईकोर्ट, एक न्यायाधीश, इंदौर महापौर कार्यालय और शहर के तीन प्रतिष्ठित निजी स्कूलों के आधिकारिक मेल आईडी पर भेजे गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और विशेष जांच दल (SIT) तकनीकी जांच में जुटे हैं, लेकिन ई-मेल भेजने वाले अज्ञात आरोपी का अब तक सुराग नहीं लग सका है।
सुरक्षा चिंताओं के साथ-साथ कॉन्सर्ट की सामग्री पर भी कानूनी पेच फंसा है। जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने आयोजन स्थल प्रबंधन को औपचारिक पत्र भेजकर दिलजीत को उनके चार विशिष्ट लोकप्रिय गीत प्रस्तुत न करने के निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन का तर्क है कि शराब, ड्रग्स और अवैध हथियारों को बढ़ावा देने वाले बोल नाबालिग बच्चों की मानसिकता पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकते हैं। जिन गानों पर पाबंदी की अनुशंसा की गई है उनमें शामिल हैं...
दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट्स को लेकर विवाद केवल मध्य प्रदेश तक सीमित नहीं है। इससे पूर्व राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी सुरक्षा आकलन के चलते पुलिस ने शुरुआत में अनुमति रोक दी थी, जिसे व्यापक सुरक्षा समीक्षा के उपरांत हरी झंडी मिली और 30 अक्टूबर को शो संपन्न हुआ। इसके अलावा, 23 अक्टूबर को मुंबई की पूर्व महापौर ऋतु तावड़े के दफ्तर को भी ई-मेल के जरिए धमकी मिली थी, जिसमें गायक के संगीत कार्यक्रम को निशाना बनाने की बात कही गई थी।
कॉन्सर्ट में महज पांच दिन शेष हैं, लेकिन स्थानीय पुलिस प्रशासन के अनुसार आयोजकों की तरफ से कार्यक्रम के विधिवत आयोजन और कानून-व्यवस्था की औपचारिक अनुमति हेतु आधिकारिक आवेदन अब तक जमा नहीं किया गया है। ऐसे में स्थानीय प्रशासन व पुलिस महकमे के सामने एक तरफ धमकी भरे ई-मेल्स के मूल स्रोत की पहचान करने की चुनौती है, वहीं दूसरी ओर भारी भीड़ प्रबंधन और बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार करने का दबाव भी बना हुआ है।
यह भी पढ़ें- विदिशा जिले में जमीन जोतने को लेकर खूनी संघर्ष, युवक की मौत; एक घायल