
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। शहर के मध्य स्थित सुपर मार्केट की एक कपड़े की दुकान में रविवार सुबह अचानक आग लग गई। आग देखते ही देखते विकराल हो गई और दुकान में रखा सारा माल जलकर राख हो गया। लापरवाही की हद यह थी कि जब दमकल मौके पर पहुंची, तो परिसर के सार्वजनिक द्वार पर ताला लटका मिला। इसके चलते दमकलकर्मियों को आग बुझाने के लिए मौके तक पहुंचने में खासी मशक्कत करनी पड़ी। आग से 15 लाख रुपये से अधिक के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
नाहर दरवाजा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सुपर मार्केट स्थित 'प्रिया कलेक्शन' कपड़े की दुकान में रविवार सुबह अचानक आग लगी थी। आग की सूचना मिलते ही नगर निगम की दो दमकलें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
दुकान संचालक के मुताबिक, दुकान में अभी कुछ दिन पहले ही करीब छह लाख रुपये का नया माल भरा गया था, जबकि आग से 15 लाख रुपये से अधिक के नुकसान की आशंका है। बताया जा रहा है कि दुकान में बड़ी संख्या में कपड़े थे, जो जलने से पूरी तरह नष्ट हो गए। इसके साथ ही बिजली के उपकरण भी जलकर खराब हो गए।
बता दें कि सुपर मार्केट में सैकड़ों की संख्या में कपड़ों व सौंदर्य प्रसाधन की दुकानें हैं। यहां लाख व कांच की चूड़ियों की दुकानें भी बड़ी संख्या में हैं। सुबह आग की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदारों में भी हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में व्यापारी मौके पर पहुंच गए। सुपर मार्केट के दूसरे तल से पांचवें तल तक बड़ी संख्या में लोगों के आवासीय फ्लैट हैं, जिसके चलते धुआं और आग फैलने से रहवासी भी दहशत में आ गए।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि पहले दुकान से धुआं उठता दिखा और देखते ही देखते लपटें तेज हो गईं। दुकान संचालक ने आरोप लगाया कि आसपास कचरा फेंका जाता है और कुछ शरारती तत्व दुकान के पास सिगरेट पीते हैं, जिससे हमेशा आगजनी का खतरा बना रहता है।
तहसीलदार नगर हरिओम ठाकुर ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया गया है। आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है और शुरुआती आकलन में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है।
यह भी पढ़ें- खजराना गर्भगृह विवाद में गार्डों को सजा, MLA गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष को प्रशासन ने सिर्फ चेतावनी देकर छोड़ा