
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : खजराना गणेश मंदिर में वीआईपी दर्शन के नाम पर अनधिकृत प्रवेश और बिना रसीद दर्शन कराने की शिकायतों के बाद मंदिर प्रबंधन ने व्यवस्था सख्त करने की तैयारी की है। अब गर्भगृह और मूषक हाल में दर्शन व्यवस्था की निगरानी के लिए अलग से एक अधिकारी नियुक्त किया जाएगा।
यह अधिकारी आउटसोर्स कंपनी से होगा और मंदिर प्रबंधन के समन्वय से व्यवस्थाओं पर सीधी नजर रखेगा। इसके साथ ही सशुल्क दर्शन की रसीदों पर भी उसका नियंत्रण रहेगा। अधिकारी सीधे मंदिर प्रबंधन को रिपोर्ट करेगा। इसका उद्देश्य बिना रसीद प्रवेश और निर्धारित व्यवस्था के विपरीत लोगों को गर्भगृह तक पहुंचाने पर रोक लगाना है।
वर्तमान में भगवान गणेश के दर्शन के लिए 100 रुपये की रसीद कटवाकर मूषक हाल से लोग दर्शन कर सकते हैं। यह रसीद मंदिर के पीछे की तरफ जहां से प्रवेश दिया जाता है, वहां पर ही बनाई जाती है। यहां पर एक गार्ड रसीद काटने और दो गार्ड प्रवेश और निकासी गेट पर मौजूद रहते हैं। ऐसे में सख्ती नहीं हो पाती है। मंदिर के सहायक प्रबंधक गौरीशंकर मिश्रा का कहना है कि अब रसीद से प्रवेश वाले स्थान पर गार्ड बढ़ा दिए हैं, साथ ही रसीद काटने के स्थल में भी बदलाव किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें- इंदौर के परदेशीपुरा में मारपीट का वीडियो वायरल, पुलिस ने तीन युवकों को भेजा जेल
मंदिर में पास से भगवान के दर्शन शुल्क देकर कर सकते हैं, लेकिन यहां पर पुजारियों और वीआईपी के दबाव के कारण आमतौर पर बिना रसीद ही प्रवेश दे दिया जाता है। फोन पर सुरक्षा गार्ड लोगों को प्रवेश देते हैं। इस दौरान रसीद नहीं काटी जाती है। इससे मंदिर में आने वाले दान का नुकसान होता है। मंदिर में कई पुजारी मौजूद हैं, जो अपने पहचान वाले श्रद्धालुओं के लिए गार्डों को फोन लगाते हैं। मंदिर प्रबंधन इन पर भी सख्ती करेगा।
यह भी पढ़ें- इंदौर अवैध शराब तस्करी में रिमांड पर पूर्व पार्षद का बेटा, गुजरात कनेक्शन की होगी जांच