
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास : प्रतिवर्ष रतलाम स्थित प्रसिद्ध महालक्ष्मी मंदिर में भक्तों के सहयोग से मंदिर को दीपावली के अवसर पर करोड़ों रुपयों के नोटों से सजाया जाता है। इसी तर्ज पर गत वर्ष से देवास के मोती बंगला शिवाजी नगर में स्थित योगमाया महालक्ष्मी मंदिर में पांच दिवसीय आयोजन की शुरुआत की गई थी।
गत वर्ष इस आयोजन में 51 लाख का लक्ष्य रखा गया था, किंतु भक्तों ने करीब 1 करोड़ 35 लाख रुपये के नोट आयोजन समिति तक पहुंचाए थे। योगमाया महालक्ष्मी पारमार्थिक न्यास के अध्यक्ष विमल शर्मा ने बताया कि मोती बंगला शिवाजी नगर में स्थित योगमाया महालक्ष्मी मंदिर में दीपावली के अवसर पर विभिन्न प्रकार के आयोजन होते है।
गत वर्ष की तरह इस वर्ष भी भक्तों के सहयोग से मंदिर को रतलाम के महालक्ष्मी मंदिर की तर्ज पर नोटों से सजाया जाएगा। इसके लिए उज्जैन और रतलाम के कलाकार देवास आकर मंदिर सजावट की बागडोर संभालेंगे। योगमाया माता महालक्ष्मी पारमार्थिक न्यास के अध्यक्ष विमल शर्मा ने बताया कि इस बार भक्तों की आस्था को देखते हुए करीब 5 करोड़ रुपये के नोट व आभूषणों से माता महालक्ष्मी के मंदिर को सजाने का लक्ष्य तय किया गया है।
योगमाया महालक्ष्मी मंदिर में धनतेरस से भाई दूज तक सजावट रहेगी। अनुष्ठान में सम्मिलित होने के लिए जो कोई भी भक्त इच्छुक हैं, वे अध्यक्ष या मंदिर समिति के सदस्यों से संपर्क कर सकते हैं। भक्त द्वारा दी गई राशि अनुष्ठान पूर्ण होने पर भाई दूज के दिन कुबेर पोटली के साथ पुनः लौटाई जाएगी। सहयोग राशि देने वाले भक्त को रसीद दी जाएगी, जिसके आधार पर ही पुनः राशि लौटाई जाएगी।
यह भी पढ़ें- Mahalaxmi Festival: महाराष्ट्रीयन परिवारों के घर-घर में होगा महालक्ष्मी का आगमन, धन और सौभाग्य की होगी प्राप्ति