
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास : करवा चौथ पर निर्जला उपवास रखने वाली राधागंज निवासी महिला की शुक्रवार सुबह संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। महिला को सुबह करीब 9 बजे पति ने जगाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं उठीं। उन्हें जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच कर मृत घोषित कर दिया।
स्वजन ने बताया कि रात में सब सामान्य था। 30 वर्षीय यशोदाबाई ने करवा चौथ का पूजन किया था और चांद निकलने की प्रतीक्षा कर रही थीं। रात को इंतजार के बाद भी चांद दिखाई नहीं दिया तो वह बिना कुछ खाए ही सो गईं।
स्वजन ने बताया कि शुक्रवार करीब 4 बजे यशोदा को घबराहट हुई तो पति ने पानी पिलाया। इसके बाद वे फिर से सो गईं। सुबह जब देर तक वे नहीं उठीं, तो स्वजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे थे।
जानकारी के अनुसार महिला के पति हम्माली करते हैं। उनकी एक बेटी और एक बेटा है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं है।
पीपलरावां : नगर में गुरुवार को करवा चौथ का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। सुहागिन महिलाओं ने निर्जला व्रत रखकर पति की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर महिलाओं ने सोलह शृंगार कर पूजा-अर्चना की और करवा चौथ की कथा सुनी।
रात को चंद्र उदय के बाद भी मौसम खराब होने और आसमान में बादल छाए रहने से चंद्रमा के दर्शन नहीं हो सके। महिलाओं ने काफी देर तक चंद्रमा निकलने का इंतजार किया लेकिन बादलों के कारण निराशा हाथ लगी। इसके बाद महिलाओं ने परंपरा के अनुसार दिशा पूजन कर व्रत की रस्में पूरी कीं। पतियों ने पत्नियों को जल ग्रहण कराकर व्रत खुलवाया और उपहार भेंट किए।