
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। करवा चौथ पर जहां सुहागिनें पति की लंबी उम्र के लिए चांद से दुआ मांगती हैं, वहीं जबलपुर की रश्मि गुप्ता ने अपने पति को किडनी दान कर जीवन का सबसे बड़ा उपहार दिया। बड़ेरिया मेट्रो प्राइम हाॅस्पिटल में सफल किडनी प्रत्यारोपण के बाद यह दंपति प्रेम और समर्पण की मिसाल बन गया है।
शांतिनगर निवासी दीपक गुप्ता लंबे समय से किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। दोनों किडनी फेल होने के बाद डायलिसिस पर थे। ऐसे कठिन समय में पत्नी रश्मि ने अपनी किडनी देने का फैसला किया। जांच में सबकुछ अनुकूल आने पर ट्रांसप्लांट की तैयारी की गई।
हाॅस्पिटल की नेफ्रोलाॅजी एवं ट्रांसप्लांट यूनिट ने यह जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया। ट्रांसप्लांट सर्जन डाॅ. राजेश पटेल और कंसल्टेंट नेफ्रोलाजिस्ट डाॅ. विशाल वडेरा के नेतृत्व में टीम ने कई घंटे चली सर्जरी पूरी की।
फिलहाल पति-पत्नी दोनों स्वस्थ हैं और डाॅक्टरों की निगरानी में हैं। हाॅस्पिटल के डायरेक्टर राजीव बडेरिया ने बताया कि मेट्रो प्राइम में अब तक 30 से अधिक किडनी ट्रांसप्लांट हो चुके हैं।
हाॅस्पिटल के डायरेक्टर राजीव बडेरिया बोले-हमारी कोशिश है कि मरीजों को भोपाल-नागपुर न जाना पड़े और यहीं विश्वस्तरीय सुविधा मिले। रश्मि का यह कदम अंगदान के प्रति जागरूकता की बड़ी मिसाल है। करवा चौथ पर लिया गया उनका यह फैसला सिर्फ एक परिवार की कहानी नहीं, बल्कि यह संदेश है कि सच्चा प्रेम त्याग में ही है।
यह भी पढ़ें- रेलवे में भोजन सप्लाई करने वाले सिद्धि विनायक रेस्टोरेंट में बाथरूम के पानी से पका रहे खाना