_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। जिले के आखिरी छोर पर स्थित नेमावर नगर में पुराने बर्तनों के बदले नए बर्तन देने के बहाने महिलाओं का भरोसा जीतने वाली एक महिला लाखों रुपये के आभूषण लेकर फरार हो गई। आरोपित ने पुराने आभूषणों की डिजाइन कॉपी कराने और बदले में रुपये देने का झांसा देकर महिलाओं से जेवर लिए और फिर लापता हो गई। ठगी का पता चलने पर पीड़ित महिलाएं सोमवार को नेमावर थाने पहुंचीं और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
नए बर्तन दिए, जिससे लोगों का भरोसा जीत लिया
अधिकांश पीड़ित महिलाएं नगर के वार्ड क्रमांक-4 की निवासी हैं। बताया गया कि कुछ दिन पहले एक महिला अपने साथ एक बच्चे को लेकर मोहल्ले में आई थी। उसने पुराने बर्तनों के बदले नए बर्तन दिए, जिससे लोगों का भरोसा जीत लिया। इसके बाद वह लगातार मोहल्ले में आने-जाने लगी।
जेवर लौटा देगी और साथ ही अलग से रुपये भी देगी
आरोपित ने एक महिला से डिजाइन देखने के बहाने कुछ आभूषण लिए और बदले में 1,500 रुपये भी दिए। बाद में उसने आभूषण वापस लौटा दिए। इससे महिलाओं का उस पर विश्वास बढ़ गया। इसके बाद अन्य महिलाओं ने भी लालच में आकर अपने सोने-चांदी के आभूषण उसे दे दिए। आरोपित ने कहा कि वह डिजाइन कॉपी करवाकर कुछ घंटों में जेवर लौटा देगी और साथ ही अलग से रुपये भी देगी। इसके बाद वह फरार हो गई। पीड़ित महिलाओं का दावा है कि उनके 15 से 20 लाख रुपये मूल्य के आभूषण लेकर आरोपित फरार हुई है।
वास्तविक कीमत का आकलन किया जा रहा
नेमावर थाना प्रभारी टीना शुक्ला ने बताया कि अज्ञात महिला के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। आरोपित की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पीड़ित महिलाओं ने 15 से 20 लाख रुपये के जेवर चोरी होने का दावा किया है, हालांकि आभूषण काफी पुराने हैं और उनकी वास्तविक कीमत का आकलन किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- सुधरेगी गोवंश की नस्ल, बढ़ेगा दूध का उत्पादन; MP में 5 लाख से ज्यादा पशुपालकों के घरों तक पहुंचेगा सरकारी अमला