
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। देवास जिला मुख्यालय से करीब 65 किलोमीटर दूर स्थित नगर बागली में शुक्रवार सुबह नगर का ही एक युवक करीब 150 फीट से ऊंचे बीएसएनएल के मोबाइल टावर पर चढ़ गया। घटना का पता चलते ही मौके पर भीड़ लग गई कुछ ही देर में बागली पुलिस भी मौके पर पहुंची और युवक को समझाइश देने का प्रयास किया गया। कुछ देर बाद वह नीचे उतरा, पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
यह वही मोबाइल टावर है जिस पर कुछ दिन पूर्व एक युवती चढ़ गई थी और कई घंटे की मशक्कत के बाद समझाइश देकर उसे देकर उसे नीचे उतारा जा सका था। उसके प्रेमी व स्वजन को भी मौके पर बुलवाया गया था। टावर तक आम व्यक्ति के प्रवेश पर रोक के कोई इंतजाम उस घटना के बाद भी नहीं किए गए थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जो युवक मोबाइल टावर पर चढ़ा है वह बागली में जगदीश मंदिर क्षेत्र का निवासी है जिसका नाम प्रकाश बताया जा रहा है। लोगों के अनुसार उसका उसके परिवार के लोगों से कई लाख रुपये का लेनदेन है।
उसी को लेकर मानसिक रूप से परेशान होकर वह मोबाइल टावर पर चढ़ा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद उसके परिवार के कुछ सदस्य, मित्र व अन्य परिचित लोग मौक़े पर पहुंचे और समझाइश देकर उतारने का प्रयास करते रहे।
यह भी पढ़ें- प्रेमी से शादी की जिद पर 50 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ी प्रेमिका, पुलिस ने प्रेमी को बुलाकर उतारा नीचे