_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, धार। सड़कों पर दौड़ते ओवरलोड वाहन अब यात्रियों के लिए सफर का नहीं, बल्कि जान जोखिम में डालने का जरिया बनते जा रहे हैं। कभी पिकअप में क्षमता से कई गुना अधिक लोगों को भरकर ले जाया जाता है तो कभी मजदूरों को वाहन की छत पर बैठाकर सफर कराया जाता है।
सोमवार को जोबट मार्ग पर ऐसा ही लापरवाही भरा सफर तीन लोगों के लिए भारी पड़ गया। ग्राम झाबा के कस्टार मोड़ पर चलती जीप वाहन की छत से तीन युवक सड़क पर आ गिरे। इससे किसी के हाथ-पैर में चोट आई तो किसी के सिर और मुंह पर गंभीर चोटें लगीं।
एक युवक के दांत तक टूट गए। तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद बड़वानी जिला अस्पताल रेफर करना पड़ा, जहां उनका उपचार जारी है। फिलहाल तीनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार ग्राम मेहसरा निवासी दिनेश मंडलोई, केरू सिंह और नारू सिंह सोमवार को कपास बेचने और बाग का हाट बाजार करने आ रहे थे। वाहन में जगह नहीं मिलने के कारण तीनों उसकी छत पर बैठ गए। झाबा और बाग के बीच कस्टार मोड़ पर चालक वाहन को मोड़ रहा था, तभी सामने से बाइक आ गई। इस दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ा और छत पर बैठे तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े।
हादसे के बाद चालक घायलों की मदद करने के बजाय उन्हें रास्ते में ही छोड़कर वाहन सहित आगे निकल गया। बाद में एंबुलेंस से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाग पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बड़वानी रेफर किया गया।
धार जिले में सड़क हादसों की स्थिति भी चिंताजनक है। वर्ष 2023 से लेकर जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कई लोगों की जान गई, जबकि 2026 में यह आंकड़ा 400 से अधिक रहा। हालांकि इन आंकड़ों में ओवरलोडिंग और वाहनों की छत पर बैठकर सफर करने से हुई मौतों का अलग-अलग विवरण उपलब्ध नहीं है। बाग क्षेत्र में सामने आया ताजा हादसा बताता है कि ग्रामीण मार्गों पर इस तरह का जोखिम अब भी बना हुआ है।
धार जिले में वाहनों की छत पर बैठकर सफर करते लोग अक्सर दिखाई देते हैं। मजदूरों और ग्रामीणों के लिए पिकअप और तूफान वाहन आवागमन का साधन बने हुए हैं। कई बार क्षमता से अधिक सवारियां बैठाई जाती हैं। ऐसे में मोड़, अचानक ब्रेक या सामने से दूसरे वाहन के आने पर संतुलन बिगड़ना जानलेवा साबित हो सकता है।
यह भी पढ़ें- एमपी के 13 कलेक्टरों को नए साल में मिलेगा प्रमोशन, कई जिलों की बदलेगी कमान, रुचिका चौहान बनेंगी सचिव
सोमवार की घटना ने एक बार फिर परिवहन व्यवस्था और निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर कब तक लोग चंद किलोमीटर के सफर के लिए अपनी जान जोखिम में डालते रहेंगे। परिवहन और पुलिस विभाग की सख्त कार्रवाई ही ऐसे खतरनाक सफर पर रोक लगा सकती है।