
नईदुनिया प्रतिनिधि, धार। जिले की कुक्षी तहसील के डेहरी क्षेत्र के ग्राम झिगरी बयड़ी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मृत्यु भोज में शामिल होने पहुंचे एक व्यक्ति की मधुमक्खियों के हमले से दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच से अधिक लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, ग्राम झिगरी बयड़ी में एक आदिवासी परिवार में शोक के बाद 20 फरवरी को मृत्यु भोज का आयोजन किया गया था। इसमें बड़ी संख्या में रिश्तेदार शामिल हुए थे।

गुरुवार 21 फरवरी को शाम करीब 4 बजे सभी लोग खेत की ओर गए थे। इसी दौरान खेत के पास एक पेड़ पर लगे मधुमक्खी के छत्ते में अचानक हलचल हुई और मधुमक्खियों के झुंड ने वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान ग्राम गातला निवासी 60 वर्षीय हुसैन पुत्र गुलाब मधुमक्खियों के डंक का गंभीर शिकार हो गए। उन्हें बड़ी संख्या में डंक लगे, जिससे उनकी मौके पर ही हालत बिगड़ गई और बाद में मृत्यु हो गई।
यह भी पढ़ें- शिवपुरी के गांवों में बैठा गैंग देशभर में लोगों के अश्लील वीडियो बनाकर कर रहा था ब्लैकमेल, पुलिस ने 20 को दबोचा

घटना की सूचना मिलते ही जननी स्वास्थ्य वाहन के चालक रमेश डोडवे ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को बाग के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। मृतक हुसैन के शव को भी स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद मधुमक्खियों के डंक से मृत्यु की पुष्टि की। घटना में पांच से अधिक घायलों का बाग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहित आसपास के स्वास्थ्य केंद्रों में उपचार जारी है।