
नईदुनिया प्रतिनिधि, धार : इंटरनेट मीडिया पर रील बनाने का जुनून युवकों को इस कदर भारी पड़ गया कि चलती बाइक को ही स्टंट का मंच बना लिया। सड़क पर एक युवक बाइक दौड़ा रहा था, जबकि उसका साथी उसके कंधों पर बैठा हुआ था।
दोनों इस दौरान वीडियो भी बनवा रहे थे। यातायात नियमों को ताक पर रखकर किए गए इस स्टंट का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर सामने आया तो यातायात पुलिस हरकत में आई।
बाइक नंबर के आधार पर दोनों युवकों की पहचान कर उन्हें थाने बुलाया गया। पुलिस ने दोनों को समझाया कि सार्वजनिक सड़क कोई स्टंट करने की जगह नहीं है। इस दौरान उनसे उठक-बैठक लगवाई गई और माफी मंगवाई गई। साथ ही भविष्य में इस तरह का करतब नहीं करने की चेतावनी भी दी गई।
गुजरी : राऊ-खलघाट फोरलेन के गणेश घाट पर बुधवार देर शाम करीब 7:30 बजे घाट चढ़ाई के दौरान एक कार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना की सूचना मिलने पर काकड़दा चौकी प्रभारी सुनील जामले सहित पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे। धामनोद से फायर ब्रिगेड ने पहुंचकर आग पर काबू पाया।
कार चालक जयवर्धने सालवे निवासी महेश्वर ने बताया कि घर से निकलकर इंदौर जा रहा था। गणेश घाट में मेरी कार से अचानक धुआं निकलने लगा। हम कार से बाहर उतरे, तभी दो से तीन मिनट में कार ने आग पकड़ ली और धू-धू कर जलने लगी। हमने तुरंत सहायता के लिए 112 पर फोन लगाया। इसके बाद पुलिस व फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। कार में रखा सामान जलकर खाक हुआ है।
यह भी पढ़ें- कोरबा में गरबा ड्रेस में चलती कार पर स्टंट, बोनट पर लेटी महिला, दरवाजों पर लटकी दो महिलाएं, वीडियो वायरल