
नईदुनिया न्यूज, बदनावर। क्षेत्र में तेजी से बढ़ते औद्योगिक विस्तार और पीएम मेगा टेक्सटाइल पार्क के भविष्य को देखते हुए बदनावर-पेटलावद-थांदला-टिमरवानी फोरलेन परियोजना (एनएच-752डी) बेहद महत्वपूर्ण साबित होने जा रही है। इस मार्ग से गुजरात, राजस्थान और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे तक बेहतर कनेक्टिविटी मिलने से क्षेत्र की औद्योगिक इकाइयों को माल परिवहन, निर्यात और लॉजिस्टिक्स में सुविधा मिलेगी। 80.45 किमी लंबी परियोजना का मैदानी काम शुरू हो चुका है।
सड़क धार और झाबुआ जिले के करीब 50 गांवों से होकर गुजर रही है। विकास और बेहतर कनेक्टिविटी की इस बड़ी परियोजना के बीच जमीन अधिग्रहण और मुआवजा अब किसानों के लिए अहम मुद्दा बन गया है। मुआवजा वितरण की प्रक्रिया लगभग अंतिम दौर में है। अधिकांश किसानों के खातों में मुआवजा राशि जमा हो चुकी है, लेकिन कुछ गांवों के किसान जमीन के बदले गाइडलाइन से चार गुना मुआवजे की मांग कर रहे हैं।
केंद्र सरकार ने टिमरवानी-थांदला-पेटलावद-बदनावर फोरलेन परियोजना के लिए 3,839.42 करोड़ रुपये की पूंजीगत लागत स्वीकृत की है। करीब 80.45 किमी लंबी यह सड़क धार और झाबुआ जिले के लगभग 50 गांवों से होकर गुजरेगी। परियोजना पूरी होने पर बदनावर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के टिमरवानी इंटरचेंज से सीधे जुड़ जाएगा।
इससे गुजरात और राजस्थान की ओर आवागमन आसान होने के साथ औद्योगिक माल की आवाजाही में लगने वाला समय भी कम होगा। क्षेत्र में विकसित हो रहे उद्योगों और पीएम मेगा टेक्सटाइल पार्क के लिए यह मार्ग महत्वपूर्ण परिवहन कॉरिडोर बन सकता है। कच्चे माल की आपूर्ति से लेकर तैयार उत्पादों को बड़े बाजारों और निर्यात केंद्रों तक पहुंचाने में सड़क संपर्क अहम भूमिका निभाएगा।
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की इस परियोजना के लिए बदनावर तहसील के 14 गांवों की कुल 155.579 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहित की जा रही है। वहीं झाबुआ जिले के पेटलावद, थांदला और मेघनगर क्षेत्र के करीब 36 गांवों की जमीन भी परियोजना से प्रभावित हो रही है। इस तरह करीब 50 गांवों के किसानों की जमीन सड़क निर्माण के लिए ली जा रही है। निर्माण कार्य शुरू होने के साथ अधिग्रहित जमीनों का मुआवजा वितरण भी अंतिम चरण में पहुंच रहा है। वर्तमान में धार जिले के बदनावर क्षेत्र और झाबुआ जिले की पेटलावद तहसील में सड़क निर्माण का मैदानी काम तेजी से प्रगति पर है। परियोजना के तहत अलग-अलग हिस्सों में निर्माण गतिविधियां शुरू हो चुकी हैं।
ग्राम भैंसोला के किसान धन्नालाल धाकड़ का कहना है कि ग्राम सेमलेखड़ा में उनकी सर्वे क्रमांक 185-2 रकबा 0.3570 हेक्टेयर जमीन सड़क से लगी हुई है, लेकिन अब तक मुआवजा नहीं मिला है। उन्होंने मुआवजा दिलाने की मांग की है। इसी तरह ईश्वर धाकड़, नानालाल धाकड़, ओमप्रकाश धाकड़ और देवीलाल धाकड़ ने भी मुआवजा वितरण में तेजी लाने के साथ जमीन के बदले गाइडलाइन से चार गुना राशि देने की मांग की है। किसानों का कहना है कि जमीन अधिग्रहण के बदले उचित मुआवजा मिलना चाहिए, ताकि विकास परियोजना के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान नहीं उठाना पड़े।
यह भी पढ़ें- धार में 16 साल का इंतजार खत्म, बड़ी चौपाटी पर बनेगा फ्लाईओवर और पिटगारा से नागेश्वर तक फोरलेन सड़क
क्रम ग्राम का नाम भूमि क्षेत्रफल (हेक्टेयर में)
1.खेड़ा22.97402.
बदनावर 5.91603.
शंभूपाड़ा 14.79104.
खीमाखेड़ी 1.43105.
संदला 10.87706.
चंदवाड़िया बुजुर्ग 6.38207.
चंदवाड़िया खुर्द 1.67808.
छायन 14.39909.
लिलीखेड़ी 16.341010.
खरड़िया 1.103011.
सेमलखेड़ा 11.610012.
भैंसोला 14.135013.
बखतपुरा 13.177014.
दोत्रिया 20.7650