
नईदुनिया न्यूज, बदनावर। शहर की सड़कों पर लगने वाला जाम, भारी वाहनों की आवाजाही के बीच रास्ता पार करने की मशक्कत और दुर्घटनाओं का डर... बदनावर के लोगों के लिए यह रोजमर्रा की परेशानी बन चुकी है। खासकर बड़ी चौपाटी पर फ्लायओवर की मांग पिछले 16 साल से उठ रही थी। अब इस लंबे इंतजार के खत्म होने की उम्मीद जागी है।
बदनावर को करीब 97.46 करोड़ रुपये की दो बड़ी सड़क परियोजनाओं की प्रशासकीय स्वीकृति मिल गई है। इनमें लेबड़-नयागांव फोरलेन एसएच-31 पर बड़ी चौपाटी पर फ्लायओवर एवं सर्विस रोड निर्माण और पिटगारा से बदनावर होते हुए नागेश्वर तक फोरलेन सड़क निर्माण शामिल है।
दोनों परियोजनाओं का क्रियान्वयन मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम (एमपीआरडीसी) के माध्यम से किया जाएगा। प्रशासकीय स्वीकृति मिलने के बाद अब टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी। इसके पूर्ण होने पर फरवरी-मार्च में निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।
इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद है। वर्षों से जाम में उलझे वाहन चालकों, राहगीरों, व्यापारियों और ग्रामीणों को राहत मिलेगी। खासकर बड़ी चौपाटी पर भारी वाहनों के बीच रास्ता पार करने वाले लोगों की मुश्किलें कम होंगी।
बड़ी चौपाटी बदनावर का ऐसा प्रमुख चौराहा है, जहां से उज्जैन, धार, थांदला और पेटलावद की ओर यातायात गुजरता है। दिनभर भारी वाहनों और स्थानीय आवाजाही के कारण यहां जाम की स्थिति बनती रहती है। कई बार वाहन चालकों के साथ पैदल राहगीरों को भी निकलने में परेशानी होती है। फ्लायओवर निर्माण की मांग लंबे समय से उठाई जा रही थी, लेकिन अब तक यह प्रस्ताव फाइलों से आगे नहीं बढ़ पाया था। करीब 16 साल के इंतजार के बाद अब 49.93 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति मिलना शहर के लिए बड़ी उपलब्धि है।
दूसरी परियोजना के तहत लेबड़-नयागांव फोरलेन (एसएच-18) पर पिटगारा से बदनावर होते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग (752-डी) नागेश्वर तक करीब 4.25 किलोमीटर लंबी फोरलेन आरसीसी आदर्श सड़क बनाई जाएगी। इस पर 47.53 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
यह मार्ग बदनावर की यातायात व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण है। फोरलेन बनने से वाहनों की आवाजाही अधिक सुगम होगी, गुजरात तथा दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस वे एट लेन से सीधी कनेक्टिविटी होगी, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिल सकेगी।
आगामी सिंहस्थ महाकुंभ 2028 को देखते हुए भी दोनों परियोजनाओं का विशेष महत्व है। उज्जैन आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर और वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होंगे। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे, उज्जैन-थांदला फोरलेन और रतलाम बायपास से बदनावर की कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।
इससे केवल यातायात ही नहीं, बल्कि प्रदेश का एक मात्र पीएम मेगा पार्क के साथ ही व्यापारिक और औद्योगिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है। बदनावर-पेटलावद क्षेत्र के नागरिकों, किसानों, व्यापारियों और औद्योगिक इकाइयों से जुड़े लोगों के लिए आवागमन पहले से अधिक आसान हो सकेगा।
यह भी पढ़ें- सागर में 7 मौतों के बाद जागा प्रशासन, हाईवे किनारे अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, हटाए अवैध धुलाई सेंटर
नगर परिषद अध्यक्ष मीना शेखर यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा दी गई दोनों परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से बदनावर की यातायात व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी। केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजवर्धनसिंह दत्तीगांव, भाजपा जिलाध्यक्ष नीलेश भारती सहित जनप्रतिनिधियों के प्रयासों से ये सौगातें मिली हैं। लंबे समय से महसूस की जा रही सड़क सुविधाओं की जरूरत पूरी होगी। अब टेंडर प्रक्रिया पूरी होने और निर्माण शुरू होने का इंतजार है।