
नईदुनिया न्यूज, धार। राजोद पुलिस थाने के ग्राम धुलियाखेड़ी में नहर से पानी देने की बात को लेकर विवाद हो गया। किसान द्वारा डीओ से शिकायत करने पर तीन लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज की और मारपीट के लिए दौड़े। विवाद की सूचना पर मौके पर पहुंचे एसडीओ ने समझाइश देने का प्रयास किया तो आरोपितों ने उनके साथ भी अभद्रता की। आरोप है कि एक महिला ने एसडीओ के साथ थप्पड़-मुक्कों से मारपीट की और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई।
पुलिस के अनुसार 27 नवंबर दोपहर करीब 3:30 से 3:50 बजे के बीच फरियादी रोहित पुत्र बजेसिंह दायमा निवासी धुलियाखेड़ी के खेत के पास नहर पर विवाद हुआ। फरियादी ने बताया कि गजराज पुत्र लालू दायमा, अनिल पुत्र गजराज दायमा और पेपाबाई पत्नी गजराज दायमा ने उसे नहर से पानी नहीं लेने दिया। इस पर उसने डीओ से शिकायत की तो आरोपितों ने गालियां दीं और मारने के लिए दौड़े।
यह भी पढ़ें- राजनांदगांव में समझौते के बहाने बुलाकर दो युवकों पर चाकू से हमला, तीन गिरफ्तार
मौके पर पहुंचे एसडीओ ने विवाद शांत कराने के लिए समझाइश दी, लेकिन आरोपितों ने उनके साथ भी गाली-गलौज शुरू कर दी। पेपाबाई ने एसडीओ के साथ थप्पड़-मुक्कों से मारपीट की। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर तीनों आरोपितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है।