धार में हाईवे पर दौड़ती कार में लगी आग, सात लोग बाल-बाल बचे, महाकाल के दर्शन करने उज्जैन जा रहा था परिवार
अहमदाबाद से उज्जैन महाकाल दर्शन के लिए जा रहे परिवार की मारुति सुजुकी एर्टिगा कार में शुक्रवार सुबह बोरखली के पास हाईवे पर अचानक आग लग गई। कार में सात...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 09 Oct 2026 10:08:27 AM (IST)Updated Date: Fri, 09 Oct 2026 10:08:27 AM (IST)
कार में लगी आग। -नईदुनियाHighLights
- अहमदाबाद से उज्जैन महाकाल दर्शन के लिए जा रहा था परिवार
- कार में रखे कपड़े, अन्य सामान और 8 हजार रुपये नकद भी जले
- बोरखली के पास हुआ हादसा, वाहन पूरी तरह खाक
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजोद (धार) : अहमदाबाद से उज्जैन महाकाल दर्शन के लिए जा रहे परिवार की मारुति सुजुकी एर्टिगा कार में शुक्रवार सुबह बोरखली के पास हाईवे पर अचानक आग लग गई। कार में सात लोग सवार थे। आग तेजी से फैलने के कारण कार पूरी तरह जल गई। गनीमत रही कि सभी सात लोग समय रहते बाहर निकल आए और जनहानि नहीं हुई। हादसे में कार के साथ उसमें रखे कपड़े, अन्य सामान और 8 हजार रुपये नकद भी जल गए।
जानकारी के अनुसार, गुजरात के अहमदाबाद से सात लोग एर्टिगा कार क्रमांक GJ 27 TD 6120 से उज्जैन महाकाल दर्शन के लिए जा रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब 6:26 बजे धार जिले के बोरखली में राजोद थाना क्षेत्र के अंतर्गत हाईवे पर कार में अचानक आग लग गई। चलते वाहन में आग लगने से सवार लोगों के सामने मुश्किल स्थिति पैदा हो गई। देखते ही देखते आग ने कार को अपनी चपेट में ले लिया। आग से वाहन पूरी तरह जल गया और परिवार का सामान भी नष्ट हो गया।
कार में सवार थे सात लोग
कार में चालक मयूर कुमार बलवंत भाई पटेल (40), जयस पिता मूलजी भाई जोशी (58), भारत भाई करमचंद गोशालिया (59), अपूर्व जयस जोशी (29), कनक जयस जोशी (55), दक्ष भरत गोशालिया (56) और अभी भारत गोशालिया (28) सवार थे। हादसे में सभी सुरक्षित रहे। कार जलने के बाद यात्रियों को दूसरे वाहन से उनके घर रवाना किया गया।
डॉयल-112 की टीमों ने पहुंचकर की मदद
वाहन में आग लगने की सूचना मिलने पर राजोद थाने की एफआरवी-14 और सरदारपुर थाने की एफआरवी-11 मौके पर पहुंचीं। डायल-112 की टीमों ने कार में सवार लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की। राहत कार्य में राजोद थाने के कांस्टेबल प्रकाश और पायलट तुलसीराम मेडा तथा सरदारपुर थाने के कांस्टेबल सौरभ मोरे और पायलट नितेश बाबेरिया की भूमिका रही।